एवीएस न्यूज. भोपाल/ उमरिया  


कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने बुधवार को करकेली विकासखंड स्थित नव निर्मित सांदिपनी विद्यालय का निरीक्षण कर निर्माण एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और शेष कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। 


कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में स्थापित विभिन्न प्रयोगशालाओं, बालक एवं बालिका शौचालय, प्राचार्य कक्ष, विद्यार्थियों की बैठक व्यवस्था, ऑडिटोरियम, वीआईपी कक्ष, फायर बॉक्स, पार्किंग व्यवस्था तथा अन्य अधोसंरचनात्मक सुविधाओं का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय में सुरक्षा, स्वच्छता एवं विद्यार्थियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। 


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा बताया गया कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए टेबल-कुर्सियों की व्यवस्था कर दी गई है, जबकि प्रयोगशालाओं के लिए आवश्यक सामग्री तथा कक्षा 1 से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर अभी उपलब्ध नहीं हो पाया है।

इस पर कलेक्टर श्रीमती सहाय ने मौके से ही जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक सामग्री एवं फर्नीचर की शीघ्र उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 


कलेक्टर ने कहा कि सांदिपनी विद्यालय के शेष निर्माण एवं व्यवस्थागत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि विद्यालय में जल्द से जल्द सुचारु रूप से अध्यापन कार्य प्रारंभ किया जा सके।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि स्कूल शुरू होने के उपरांत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। साथ ही आगजनी जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर बॉक्स की उपलब्धता का भी अवलोकन किया गया। 


कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं नियमित रूप से क्रियाशील एवं व्यवस्थित रखी जाएं। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभय सिंह, सीईओ जनपद पंचायत करकेली ऋषभ शुक्ला सहित पीआईयू के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।