मकान सूचीकरण कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश पर रोक
भोपाल/उमरिया, एवीएस न्यूज।
भारत की जनगणना 2027 के तहत होने वाले महत्वपूर्ण कार्यों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय डीसीओ (मध्यप्रदेश) द्वारा जारी परिपत्र एवं 23 जनवरी 2026 को प्रकाशित राजपत्र अधिसूचना के अनुसार, प्रदेश में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
कलेक्टर एवं जिला प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती राखी सहाय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस अवधि के दौरान इस कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के समस्त प्रकार के अवकाश पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सभी विभाग प्रमुखों और कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि यदि किसी विशेष परिस्थिति में अवकाश की आवश्यकता हो, तो संबंधित अधिकारी को पहले कलेक्टर से अनुमति प्राप्त करनी होगी। अनुमति मिलने के बाद ही अवकाश स्वीकृत किया जा सकेगा।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और इसका सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।






