भोपाल। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाईज एसोसिएशन के आह्वान पर बैंक कर्मियों ने मंगलवार को भोपाल सहित देशभर के जिला एवं अन्य केन्द्रों पर प्रदर्शन किए गए। इसी के चलते राजधानी में मध्य प्रदेश बैंक एम्प्लाईज एसोसिएशन की स्थानीय इकाई द्वारा शिवाजी नगर भोपाल स्थित कर्नाटका बैंक की शाखा के सामने विभिन्न बैंकों के कार्यरत सैकड़ों कर्मचारी एकत्रित हुए और मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर प्रभावी प्रदर्शन किया।

तत्पश्चात सभा हुई, जिसे बैंक कर्मचारी नेताओं वीके शर्मा, दीपक रत्न शर्मा, जेपी झवर , गुणशेखरन, देवेंद्र खरे, विशाल धमेजा, जितेंद्र चोइथानी, महेंद्र गुप्ता,सत्येंद्र चौरसिया ,एस के घोटनकर, अमित गुप्ता, वैभव गुप्ता, संतोष मालवीय, विवेक मालवीय, प्रदीप बगेले, रीता धाकड़  आदि ने संबोधित किया। वक्ताओं ने बताया कि देश के विकास एवं रोजगार पैदा करने में सरकारी क्षेत्र के बैंक महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहे हैं। अतः राष्ट्र हित में समस्त निजी क्षेत्र की बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया जाना चाहिए। निजी क्षेत्र की बैंकों में शाखा विस्तार और व्यवसाय में लगातार वृद्धि हो रही है।

इस अनुपात में भर्ती ना होने से बैंक कर्मी अतिरिक्त कार्य का असहनीय बोझ उठा रहे हैं। ग्राहक सेवा के ऊपर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इस स्थिति में नियमित क्लर्क और सब स्टाफ की नई भर्ती आवश्यक है।  वक्ताओं ने कहाकि मांगों का निराकरण न होने की स्थिति में राष्ट्रव्यापी प्रदर्शनों के अलावा 10 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली में संसद के सामने धरना एवं जनवरी 2026 में राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी।