एवीएस न्यूज. उमरिया/ भोपाल 

 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में जिले में योग जागरूकता बढ़ाने के लिए सात दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम के तहत एक ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किया जाएगा।

कलेक्टर एवं जिला प्रशासन प्रमुख राखी सहाय ने बताया कि यह ऑनलाइन योग सत्र 14 जून 2026 को प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक आयोजित होगा। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है, जिसके अंतर्गत नागरिकों को नियमित योग अभ्यास के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम से जुड़ने के लिए इच्छुक प्रतिभागी टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीयन कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद प्रतिभागियों को ऑनलाइन योग सत्र से जुड़ने की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

कलेक्टर ने जिले के सभी नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठजनों, विद्यार्थियों, शासकीय सेवकों तथा सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे इस ऑनलाइन योग सत्र में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है।

प्रशासन का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोग योग के महत्व को समझें और इसे अपनी जीवनशैली में अपनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दें।