श्री मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज की महिला प्रकोष्ठ मंडल ने निकाला गणगौर चल समारोह
नथमल धर्मशाला, लखेरापुरा से शुरू हुई यात्रा बड़ी संख्या में महिलाएं हुईं शामिल
होली मिलन समारोह में की फूलों की वर्षा

भोपाल। श्री मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज, भोपाल के महिला प्रकोष्ठ मंडल का गणगौर चल समारोह एवं भोपाल समाज का भव्य होली मिलन समारोह सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। गणगौर चल समारोह नथमल धर्मशाला, लखेरापुरा से दोपहर 3 बजे समाज की महिला मंडल की अध्यक्ष राधा वर्मा तथा महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष दीपाली सोनी के मार्गदर्शन में प्रारंभ होकर पीरगेट रोड़, सुभाष चौक, चौक बाजार, जैन मंदिर रोड, मारवाड़ी रोड़, नदीम रोड़ के विभिन्न मार्गों से होते हुए मोतीलाल मन्नूलाल धर्मशाला, भोपाल में चल समारोह का समापन हुआ। चल समारोह का हरिहर ज्वेलर्स, सेठ जी ज्वेलर्स, बालाजी भक्त मंडल सहित अनेक स्थानों पर भव्य स्वागत करते हुए जल एवं ठंडाई वितरित की गई।

फाग गीत और फूलों की वर्षा ने बांध शमा
इसके बाद सायं 6 बजे से भोपाल समाज का भव्य होली मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें फाग गीत, भजन, नृत्य और फूलों की वर्षा ने फाग उत्सव में शमा बांध दिया। समारोह मुख्य संरक्षक परम श्रद्धेय संरक्षक माणकचन्द सोनी, हरिप्रसादजी सोनी, रामनिवासजी सोनी, ओमप्रकाशजी वर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेशचंद्र सोनी के विशेष आतिथ्य तथा समाज के उपाध्यक्ष रमेशकुमार सोनी की अध्यक्षता में मनाया गया। समारोह में मुख्य प्रबंध कार्यकारिणी, युवा प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ के समस्त पदाधिकारी, सदस्य तथा सैकड़ों समाज बंधुओं, माता, बहनों, बच्चों ने भाग लिया। समारोह का संचालन महामंत्री राजेश सोनी ने तथा आभार युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष भूपेंद्र सोनी ने व्यक्त किया ।

