फिलहाल क्षेत्र में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है

 

एवीएस  न्यूज . मानपुर/ भोपाल


 नगर परिषद मानपुर के वार्ड क्रमांक 12 डंडी टोला स्थित डंडी चौराहा पर स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ बीती रात अज्ञात तत्वों द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। यह प्रतिमा हाल ही में 14 अप्रैल 2026 को बाबा साहब की जयंती के अवसर पर स्थापित की गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।


स्थानीय निवासियों ने तुरंत इसकी सूचना थाना मानपुर एवं प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मुकेश मार्शकोले, तहसीलदार पंकज नयन तिवारी, नायब तहसीलदार सनथ सिंह, रामलाल पनिका, मुख्य नगरपालिका अधिकारी राजेंद्र कुशवाहा तथा पटवारी सतीश कोल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए प्रतिमा की मरम्मत करवाई।


अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की तथा आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

थाना प्रभारी मुकेश मार्शकोले ने बताया कि वार्ड निवासी संजू चौधरी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। वहीं मुख्य नगरपालिका अधिकारी राजेंद्र कुशवाहा ने बताया कि प्रतिमा स्थल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

साथ ही नगर परिषद की आगामी बैठक में छतरी और रेलिंग निर्माण का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।