चांदी ने चमकाया पोर्टफोलियो , गहराया सप्लाई संकट
भोपाल। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी ने पोर्टफोलियो को चमकाया है। चांदी की कीमतों ने फंड मैनेजर्स की भी चिंता बढ़ा दी है। सप्लाई की कमी के चलते चांदी के दाम बढ़ते जा रहे हैं। यूटीआई एसेट मैनेजमेंट कंपनी ने यूटीआई सिल्वर ईटीएफ फंड ऑफ फंड में नए लंप-सम और स्विच-इन निवेश को 13 अक्टूबर 2025 से अस्थायी तौर से रोक दिया गया है।
चांदी की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार की तुलना में प्रीमियम पर हैं, जिसका असर फंड के वैल्यूएशन पर पड़ रहा है। यह बात भोपाल होलसेल सराफा व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव गर्ग गांधी ने कही। गांधी ने बताया कि इस हफ्ते यह दूसरा मौका है जब सिल्वर-बेस्ड फंड में नए निवेश रोके गए हैं। इससे पहले कोटक महिंद्रा एसेट मैनेजमेंट ने भी अपने सिल्वर ईटीएफ फंड में नए निवेश पर रोक लगाई थी।
भारत, दुनिया का सबसे बड़ा चांदी उपभोक्ता में त्योहारी सीजन के कारण चांदी की मांग बढ़ी है, जबकि आपूर्ति कम है। चांदी का प्रीमियम 10 फीसदी से अधिक तक बढ़ गया। उन्होंने कहाकि गोल्ड-सिल्वर रेशियो 78-80 तक गिर गया है, जो दिखाता है कि निवेशक चांदी की ओर आकर्षित हो रहे हैं। कुछ लोग गोल्ड बेचकर या घर बनाने के फंड से चांदी खरीद रहे हैं।

