प्रतिबंध के बावजूद चल रही बोरिंग पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, मशीन और वाहन जब्त
एवीएस न्यूज.उमरिया / भोपाल
जिले में जल संकट को देखते हुए लगाए गए प्रतिबंधों के बावजूद अवैध बोरिंग किए जाने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी राखी सहाय द्वारा जिले को जल अभावग्रस्त घोषित करते हुए नए निजी हैंडपंप और ट्यूबवेल खनन पर रोक लगाई गई है।
इसके बावजूद बांधवगढ़ तहसील क्षेत्र में नियमों की अनदेखी कर बोरिंग किए जाने की शिकायत मिलने पर प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बांधवगढ़ अंबिकेश प्रताप सिंह ने ग्राम डोगरगवां (पोस्ट मजमानी कला, वृत्त तामन्नारा) में जांच की। जांच के दौरान रामलाल यादव के घर परिसर में बोरिंग मशीन और ट्रक से अवैध रूप से बोरिंग कार्य करते हुए पाया गया।
मौके पर किसी प्रकार की वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं की जा सकी, जिसके बाद प्रशासन ने बोरिंग मशीन और संबंधित वाहन को जब्त कर थाना कोतवाली में अभिरक्षा में रखने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जल संरक्षण से जुड़े प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






