ऐबू ने की आश्रित माता-पिता की आय सीमा बढ़ाने एवं चिकित्सा सुविधाओं में संशोधन करने की मांग
नई दिल्ली के निदेशक के नाम महाप्रबंधक टीयू सिंह को सौंपा ज्ञापन
कर्मचारियों के आश्रित माता-पिता की आय 1500 से 14000 प्रतिमाह करने की मांग रखी
एवीएस न्यूज भोपाल।
बीएचईएल भोपाल की मान्यता प्राप्त प्रतिनिधि यूनियन ऑल इंडिया बीएचईएल एम्पलाईज यूनियन (ऐबू) द्वारा कर्मचारियों के हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर कॉर्पोरेट कार्यालय नई दिल्ली के निदेशक (मानव संसाधन) के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन महाप्रबंधक (मानव संसाधन) टीयू सिंह के माध्यम से सौंपा गया, जिसमें एजीएम (एचआर) सुरेखा बंछोर भी उपस्थित रहीं। ज्ञापन सौंपने वालों में महासचिव रामनारायण गिरी, अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार, कार्यवाहक अध्यक्ष आशीष सोनी, कोषाध्यक्ष विशाल वाणी, संगठन सचिव राजमल बैरागी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रोहित कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजेंद्र पाटिल, उपाध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी एवं मेडिकल कमेटी सदस्य रमेश कुराड़िया प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
ऐबू ने अपने ज्ञापन में रखीं ये मांगें
ज्ञापन में कर्मचारियों के आश्रित माता-पिता की आय सीमा में संशोधन कर उसे ₹14,000 प्रतिमाह किए जाने की मांग उठाई गई। यूनियन ने बताया कि वर्तमान में बीएचईएल में आश्रित माता-पिता की आय सीमा मात्र ₹1500 प्रतिमाह निर्धारित है, जो वर्तमान समय की महंगाई एवं बढ़ते चिकित्सा खर्चों को देखते हुए अत्यंत कम है। यूनियन ने मांग की कि केंद्र सरकार द्वारा जारी नई अधिसूचना को बीएचईएल में भी तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए तथा मेडिकल रूल्स एवं अन्य संबंधित सुविधाओं में आवश्यक संशोधन किए जाएं। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के आश्रित माता-पिता को भी चिकित्सा सुविधाओं का लाभ प्रदान करने एवं कर्मचारियों के आश्रित माता-पिता को कर्मचारियों के समान चिकित्सा सुविधा एवं वार्ड एंटाइटलमेंट दिए जाने की मांग की गई।






