धानुका एग्रीटेक लिमिटेड के चेयरमैन एमेरिटस डॉ. आरजी अग्रवाल ने दी जानकारी

एवीएस न्यूज, भोपाल। 


धानुका एग्रीटेक लिमिटेड ने शनिवार को भोपाल के एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किसानों को नकली कृषि उत्पादों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान की घोषणा की। इस अभियान के तहत 14 जून को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान पांच किसान जागरुकता ऑडियो वैनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

किसानों को केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही कृषि उत्पाद खरीदने चाहिए
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए धानुका एग्रीटेक लिमिटेड के चेयरमैन एमेरिटस डॉ. आरजी अग्रवाल ने कहा कि नकली कृषि उत्पाद किसानों, फसलों और कृषि क्षेत्र के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे उत्पाद किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही कृषि उत्पाद खरीदने चाहिए तथा खरीदारी के समय बिल और पक्की रसीद अवश्य लेनी चाहिए। जागरुकता और सतर्कता के माध्यम से ही नकली उत्पादों की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

ऑडियो वैनें एक माह तक मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में करेंगी भ्रमण 
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि धानुका एग्रीटेक लिमिटेड की ये पांच किसान जागरुकता ऑडियो वैनें एक माह तक मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में भ्रमण करेंगी। इन वैनों के माध्यम से किसानों को ऑडियो संदेशों के जरिए नकली कृषि उत्पादों की पहचान, उनके दुष्प्रभावों तथा असली उत्पादों की खरीद के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा तथा कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता और विश्वास को बढ़ावा देने के लिए सरकार, उद्योग और किसानों को मिलकर कार्य करना होगा। यह अभियान उसी दिशा में धानुका एग्रीटेक लिमिटेड का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।