करोंद सब्जी मंडी के बाहर अवैध वसूली का आरोप : पुलिस चौकी पर तैनात कर्मियों पर गंभीर सवाल, वाहन चालक और व्यापारी परेशान
एवीएस न्यूज.भोपाल
राजधानी भोपाल की सबसे बड़ी थोक सब्जी मंडियों में शामिल करोंद सब्जी मंडी के मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार के बाहर स्थित पुलिस चौकी एक बार फिर विवादों में आ गई है।
मंडी से जुड़े वाहन चालकों, व्यापारियों और कर्मचारियों ने चौकी में पदस्थ पुलिसकर्मियों पर सब्जियों से भरे वाहनों से कथित रूप से अवैध वसूली कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।
मंडी कर्मचारियों और व्यापारियों का आरोप है कि चौकी में पदस्थ एएसआई सुदर्शन द्विवेदी और पुलिसकर्मी लखन कीर की मौजूदगी में सुरेंद्र और सोनू नामक दो व्यक्तियों के माध्यम से मंडी से निकलने वाले ऑटो, पिकअप और अन्य सब्जी वाहनों से कथित तौर पर वसूली की जा रही है।
आरोप है कि बिना रकम दिए कई वाहन चालकों को आगे नहीं बढऩे दिया जाता, जिससे रोजाना विवाद की स्थिति बनती है। वाहन चालकों का कहना है कि वे किसानों और व्यापारियों की सब्जियां शहर के विभिन्न बाजारों तक पहुंचाते हैं। ऐसे में रास्ते में कथित वसूली के कारण न केवल आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि समय पर माल नहीं पहुंच पाने से सब्जियों की गुणवत्ता भी प्रभावित होती है।
मंडी व्यापारियों का कहना है कि जिला कलेक्टर द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आवश्यक वस्तुओं, विशेषकर सब्जियों से भरे वाहनों की अनावश्यक धरपकड़ या बाधा नहीं बनाई जाए, ताकि आम जनता तक सब्जियों की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रह सके। इसके बावजूद उनका आरोप है कि करोंद सब्जी मंडी के शिवराज सिंह चौहान गेट के बाहर स्थित पुलिस चौकी पर इन निर्देशों की अनदेखी करते हुए कथित अवैध वसूली की जा रही है। बताया जा रहा है कि रोजाना सैकड़ों वाहन मंडी से निकलते हैं और अधिकांश चालक इस परेशानी का सामना कर रहे हैं।
मंडी से जुड़े लोगों ने पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, लगाए गए आरोपों की सत्यता की पड़ताल करने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मुद्दे को उच्च स्तर तक उठाने के लिए मजबूर होंगे।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और निशातपुरा थाना क्षेत्र पुलिस अधिकारी इन आरोप को एक सिरे से नाकारा।
चौकी प्रभारी अनिल कुमार यादव ने कहा कि अवैध वसूली का आरोप निराधार है सब कुछ ऑनलाइन है। मंडी में आए दिन वाहन चोरी आदि अपराधिक घटनाएं घटित होती हैं। जिसके चलते हमारे द्वारा वाहनों की चेकिंग की जा रही है।






