भोपाल सहित 6 दुग्ध संघ के ग्राहकों को मिलेगा जीएसटी में कमी का लाभ 

 भोपाल ।  जीएसटी काउंसिल द्वारा दुग्ध उत्पादों में की गई जीएसटी कमी का लाभ देने की घोषणा भोपाल सहित मध्यप्रदेश सभी 6 सहकारी दुग्ध संघों ने कर दी है।  स्टेट को-आपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड (एमपीसीडीएफ) भोपाल  के निर्देश पर  उपभोक्ताओं को सांची दुग्ध उत्पादों में जीएसटी कटौती का लाभ सोमवार यानी 22 सितंबर से मिलेगा। 


गौरतलब है कि  एमपीसीडीएफ से संबद्ध 6 सहकारी दुग्ध संघ  भोपाल, इंदौर, उज्जैन, बुंदेलखण्ड (सागर), जबलपुर और ग्वालियर में जीएसटी संशोधन के कारण सांची दुग्ध उत्पादों के उपभोक्ता दरों में 22 सितंबर 2025 से दुग्ध उत्पादों में कमी कर विक्रय किए जाने का निर्णय लिया गया है।


 आधिकारिक जानकारी के अनुसार सांची के विभिन्न दुग्ध उत्पादों पर प्रभावशील जीएसटी  विभिन्न पैक में सांची पनीर, घी, टेबिल बटर एवं आईसक्रीम की दरों में कमी की गई है। उदाहरण के तौर पर समझे को सांची पनीर एक किग्रा. जिसकी वर्तमान उपभोक्ता दर 380 रूपए 5 प्रतिशत जीएसटी सहित है, अब जीएसटी शून्य होने पर उपभोक्ता दर 362 रूपए होगी। अर्थात पनीर 18 रूपए किलो सस्ता मिलेगा। इसी प्रकार सांची घी एक किग्रा. की वर्तमान उपभोक्ता दर 630 रूपए 12 प्रतिशत जीएसटी सहित है, अब जीएसटी 5 प्रतिशत होने से उपभोक्ता दर 590 रूपए होगी। अर्थात घी 40 रूपए सस्ता मिलेगा। इसी प्रकार सांची टेबिल बटर पर जीएसटी में 7 प्रतिशत की कमी तथा सांची आइक्रीम पर जीएसटी में 13 प्रतिशत की कमी का भी पूरा लाभ सीधे- सीधे उपभोक्ताओं को मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार द्वारा विभिन्न उत्पादों पर प्रभावशील जीएसटी में संशोधन कर सोमवार 22 सितंबर 2025 से लागू करने का गजट नोटिफिकेशन जारी किया है, सांची पनीर, घी, टेबिल बटर एवं आईसक्रीम पर जीएसटी में कमी का पूरा लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा। इसके लिए सभी दुग्ध संघों में एक समान उपभोक्ता दर प्रभावशील कर विक्रय करवाया जाएगा।