भोपाल के जेल रोड स्थित ऑटोमोबाइल शॉप में लगी भीषण आग, 7 कार जल हुईं खाक
दुकान मालिक का आरोप-साजिश की आशंका, जांच होनी चाहिए
एवीएस, भोपाल
राजधानी भोपाल के जेल रोड स्थित महाकाल ऑटोमोबाइल शॉप में शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि वहां खड़ी 7 कारें जल कर खाक हो गईं। ये सभी कारें मरम्मत के लिए गेराज में आईं थीं। शॉप मालिक ने बताया कि करीब 35 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। निशातपुरा पुलिस जांच में जुटी है।
जेल रोड स्थित पर ट्रूबा कॉलेज के पास महाकाल ऑटोमोबाइल की दुकान है। दुकान के मालिक सिद्धार्थ मिश्रा है। उन्होंने बताया कि शॉप के अंदर 5 और बाहर 2 कारें खड़ी थी। सुबह साढ़े 5 बजे शॉप में आग लगने की सूचना मिली थी। तुरंत मौके पर पहुंचे और देखा कि दुकान में रखी 7 कारों में भीषण आग लगी है। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद गांधीनगर, छोला और बैरागढ़ फायर स्टेशन से दमकलें मौके पर पहुंची, लेकिन जब तक कारें पूरी तरह से जल कर खाक हो चुकी थीं। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड के दमकल कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। आग कैसे लगी इस बात की अभी पुष्टी नहीं हो सकी है। दुकान मालिक ने बताया कि हमारे दुकान में फायर सिस्टम लगा है, इस लिए शार्ट सर्किट से आग तो लग नहीं सकती है, यह जरूरी किसी की शरारत है, इसकी जांच होनी चाहिए।

भीषण आग के कारण दुकान में रिपेयर के लिए आईं 7 कारों के अलावा अन्य गाड़ियों का सामान भी रखा था, जो पूरी तरह जल गया। इस वजह से नुकसान ज्यादा हुआ है। ये सभी कारें कस्टमर की थी।

बदमाशों की साजिश है, पुलिस को जांच करनी चाहिए
दुकान के मालिक सिद्धार्थ ने बताया, दुकान में छह महीने पहले ही इलेक्ट्रिक सिस्टम लगाया था। यह पूरी तरह से सुरक्षित है। इसलिए शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका नहीं है। आग की वजह से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी जल गया। इस वजह से फुटेज नहीं निकलेंगे, लेकिन आसपास की दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इसलिए पुलिस से मांग की है कि फुटेज देखकर जांच करें। आशंका है कि किसी ने आग लगाई है।
डेढ़ घंटे में आग पर पाया काबू
फायर अधिकारी सौरभ पटेल ने बताया कि हमें सुबह 5.50 हमें आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद हमारे स्टेशन से 3 गाड़ियां भेजी गईं। मौके पर पहुंच कर फायर ब्रिडेग के कर्मचारियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उन्हों ने बताया हम फायर कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो तीन गाड़ियों में आग लगी थी। जिसे उन्होंने बुझा दिया। उन्होंने आशंका जताई है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी होगी।

