छठ पूजा पर बाजारों में रौनक :बाजारों में हुई केला, नींबू, गन्ना, ईख, सिंघाड़ा, मूली, अदरक, सुथनी और हरी सब्जियों की अच्छी बिक्री
60 लाख रुपए से अधिक की नारियल बिक्री का
एवीएस न्यूज.भोपाल
छठ पूजा के चलते राजधानी के बाजारों में रौनक बढ़ी हुई है। बाजारों में सब्जी, फल और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी हुई। रविवार को राजधानी सभी हाट बाजारों में पूरे दिन खरीदारी का माहौल रहा। श्रद्धालु छठ माता की पूजा के लिए आवश्यक सामग्री की खरीदी करते व्यस्त दिखे। बाजारों में नारियल, केला, नींबू, गन्ना, ईख, सिंघाड़ा, मूली, अदरक, सुथनी और हरी सब्जियों की अच्छी बिक्री हुई। इसके अतिरिक्त, सेब, अमरूद, नारंगी और अनार जैसे फलों की भी खूब खरीदारी की गई। लोगों की बढ़ती मांग को देखते हुए कई अस्थायी दुकानें और ठेले भी सड़कों पर लगाए गए हैं। दुकानदारों के चेहरों पर भी उत्साह साफ झलक रहा था। महिलाएं साड़ी, डलिया, दौरा और पूजन थालियां खरीदने में जुटी रहीं। बाजारों में रंग-बिरंगी साड़ियों और पूजा सामग्री से सजी दुकानों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया है।
विक्रेताओं के अनुसार छठ पर्व पर मांग बढ़ने के कारण फलों और सब्जियों के दामों में मामूली बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। सभी भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना में पूरी श्रद्धा के साथ जुटे हुए हैं। लेकिन शाम होते-होते बाजारों की रौनक और बढ़ जाती है। छठ पूजा की खरीदारी से बाजारों में नई ऊर्जा और उल्लास का माहौल दिया है। श्रद्धालुओं की आस्था, दुकानदारों की व्यस्तता और प्रशासन की तैयारियों के बीच पूरा क्षेत्र इस पर्व में डूबा नजर आया।
- बांस की बत्तियों से बने सूप और दउरा की खूब हुई बिक्री
बाजार में पीतल के सूप आने के बावजूद छठ पर्व पर बांस की पतली और चिपटी बत्तियों से बने सूप और दउरा की खूब खरीदी हुई। राजधानी के बाजारों में सूप के दाम 150 से 210 रुपए जोड़ा और दउरा के दाम डेढ से दो सौ रूपए जोड़ा तक बताए गए । भेल क्षेत्र के हाट बाजार बरखेड़ा, पिपलानी, आनंदनगर , बागसेवानिया सहित अन्य क्षेत्रों में पूजन सामग्रियों के साथ नारियल की भी खूब खरीदी जारी है। कारोबारियों ने बताया कि छठ पर्व पर औसतन 60 लाख रुपए से अधिक की नारियल बिक्री का अनुमान है। कारोबारी बताते है कि राजधानी भोपाल के अलावा आस-पास के ग्रामीण अंचलों में भी छठ पर्व के चलते नारियल की अच्छी मांग है।
- बाजार में सामग्री के दाम
सूप तथा सुपती – 150 से 200 रुपए जोड़ा
डगरा – 120- 150 रुपए प्रति पीस
टोकरी – 150 से 300 रुपए प्रति पीस
नारियल – 60 से 70 रुपए जोड़ा
हल्दी पौधा – 100 से 200 रुपए सैकड़ा
अदरख पौधा – 200 से 250 रुपए किलो
केला – 50 से 70 रुपए दर्जन
गन्ना – 20 से 50 रुपए प्रति नग
टाभा निम्बू – 40 से 50 रुपए प्रति पीस
सेव – 80 से 150 रुपए प्रति किलो
नारंगी – 100 से 150 रुपए प्रति किलो
अनार – 100 से 150 रुपए प्रति किलो
अमरुद – 60 से 90 रुपए प्रति किलो
अनानाश – 60 से 80 रुपए प्रति पीस
शकरकंद – 50 से 60 रुपए प्रति किलो
गाजर – 60 से 80 रुपए प्रति किलो
मूली – 20 से 30 रुपए प्रति किलो
पानीफल सिंघाड़ा – 40 से 60 रुपए प्रति किलो
मिश्रीकंद – 60 से 80 रुपए प्रति किलो
बोड़ा – 40 से 60 रुपए प्रति किलो
पान – 2 रुपए प्रति पीस
सुपाड़ी – 2 रुपए प्रति पीस
नींबू- 10 रुपए के 4 से 5 नग

