राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्य प्रदेश और सनोफी इंडिया ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए
एवीएस न्यूज . भोपाल
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्य प्रदेश ने राज्य में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए सानोफी इंडिया लिमिटेड के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस साझेदारी का उद्देश्य मधुमेह जैसे गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) के प्रति जागरूकता बढ़ाना, शीघ्र पहचान और उपचार को प्रोत्साहित करना तथा दुर्लभ रोगों से पीड़ित मरीजों को सहयोग प्रदान करना है।
इस एमओयू पर डॉ. सलोनी सिडाना (मिशन निदेशक एनएचएम मप्र) और दीपक अरोड़ा (प्रबंध निदेशक, सनोफी इंडिया लिमिटेड) द्वारा हस्ताक्षर किए गए। यह पहल मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग पर आधारित है। समझौते के तहत निम्नलिखित प्रमुख क्षेत्रों में कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. सलोनी सिडाना (मिशन निदेशक एनएचएम मप्र) ने कहा कि यह पहल राज्य में विशेष रूप से दूरस्थ एवं वंचित क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत करेगी। मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के माध्यम से लोगों को उनके क्षेत्र में ही निःशुल्क जांच, उपचार और डॉक्टरों से टेली-परामर्श की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि मधुमेह एवं अन्य गैर-संचारी रोगों के लिए जागरूकता, प्रारंभिक जोखिम पहचान और रेफरल सेवाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही, दुर्लभ रोगों के लिए शीघ्र पहचान, निःशुल्क जांच और बेहतर उपचार व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे मरीजों को समय पर उचित देखभाल मिल सके।
उन्होंने आगे कहा कि स्कूल स्तर पर बच्चों को स्वास्थ्य, पोषण और जीवनशैली से संबंधित सही जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि बच्चे न केवल स्वयं स्वस्थ आदतें अपनाते हैं, बल्कि अपने परिवार और समुदाय में भी जागरूकता फैलाने का माध्यम बनते हैं। दीपक अरोड़ा ने भारत में बढ़ते छब्क्े के शीघ्र पहचान की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि सनोफी स्वास्थ्य प्रणाली को सशक्त बनाने और मरीजों के बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की साझेदारियों के प्रति प्रतिबद्ध है। यह साझेदारी समाज के सभी वर्गों को किफायती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

