घर आई नाबालिग से युवक ने किया दुष्कर्म
भोपाल।। एक ही गांव के होने व परिवारों के बीच घरोबा होने के कारण नाबालिग काम के सिलसिले में युवक के घर पहुंची। इस दौरान युवक घर में अकेला था। सूनेपन का फायदा उठाते हुए उसने नाबालिग से ज्यादती की। बाद में जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया। बाद में वह फिर से शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने लगा तो नाबालिग ने परिजनों को पूरी बात बता। सोमवार को किशोरी ने परिजनों के साथ थाने जाकर मामले की शिकायत कर दी। पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो व अजा-जजा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि 15 वर्षीय किशोरी बैरसिया इलाके के एक गांव में रहती है। इसी गांव में प्रदीप जाट नाम का युवक रहता है। नाबालिग के परिवार के लोगों का युवक के घर में आना जाना है। इसी तरह युवक के परिवार के लोग भी नाबालिग के घर में आते-जाते हैं। युवक शादीशुदा है तथा अपनी पत्नी व परिवार के अन्य लोगों के साथ रहता है। गत 10 जून को किसी काम से नाबालिग युवक के घर पर पहुंची थी। इस समय युवक घर में अकेला था। उसने नाबालिग को घर के भीतर बुला लिया तथा दरवाजा अंदर से बंद करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। ज्यादती करने के बाद उसने नाबालिग को धमकी दी थी कि अगर उसने किसी को कुछ भी बताया तो वह बदनाम कर देगा। इस धमकी के कारण नाबालिग कई दिनों तक चुप रही। उसकी इसी चुप्पी का फायदा उठाते हुए युवक ने किशोरी पर फिर से शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालना शुरू कर दिया। परेशान होकर नाबालिग ने परिजनों को पूरी बात बताई तथा थाने में जाकर शिकायत कर दी। पुलिस ने दुष्कर्म, अजा-जजा अधिनियम तथा पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही युवक अपने घर से फरार हो गया है। पुलिस की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।

