भोपाल सराफा बाजार में वायदा बाजार से चांदी 15 हजार रु. किलो और सोना 5 हजार रु. प्रति दस ग्राम के डिस्काउंट पर
वायदा बाजार में सोना-चांदी की ऊंची छलांग, सोना 1,37,500 तो चांदी 2 लाख 2 हजार के पार
एवीएस न्यूज.भोपाल
वायदा बाजार में सोना-चांदी की ऊंची छलांग जारी है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोना 4,350 डॉलर के स्तर पर पहुंचा । यानी सोने की कीमतों में 4,000 रुपए की बढ़ोतरी हुई और यह 1,37,500 रुपए प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। जबकि चांदी 65 डालर प्रति औंस पर पहुंच गई यानी वायदा बाजार में चांदी 2 लाख 2 हजार रुपए प्रति किलो के पार बोली गई है। जबकि स्थानीय सराफा बाजार में सोना-चांदी वायदा बाजार की अपेक्षा प्रीमियम डिस्काउंट के भाव पर बोली गई।
सराफा व्यापारी नवनीत अग्रवाल ने बताया कि थोक सराफा बाजार में चांदी 17 हजार रुपए के प्रीमियम डिस्काउंट भाव 185000 रुपए प्रति किलो बोली गई। वहीं सोना 5 हजार रुपए प्रीमियम डिस्काउंट भाव 132500 रुपए प्रति दस ग्राम रहा।
बाजार जानकारों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय हाजिर सोने की कीमत 4,350 अमेरिकी डॉलर के स्तर की ओर बढ़ने से घरेलू बाजार में जोरदार तेजी आई और सोने की कीमतों में और भी उछाल आया।
उन्होंने आगे कहा कि पीले धातु ने वैश्विक मजबूती को दर्शाते हुए तीव्र वृद्धि दर्ज की और अपने जीवनकाल के नए उच्चतम स्तर को छू लिया। चालू कैलेंडर वर्ष के दौरान सोने की कीमतों में 31 दिसंबर 2024 को 78,950 रुपए प्रति 10 ग्राम की तुलना में 58,650 रुपए या 74.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस साल अब तक चांदी की कीमतों में 1,09,800 रुपए या 122.41 प्रतिशत की भारी वृद्धि हुई है, जबकि 31 दिसंबर, 2024 को यह 89,700 रुपए प्रति किलोग्राम थी। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर सोने की कीमत में लगातार पांचवें सत्र में तेजी आई और यह 49.83 अमेरिकी डॉलर या 1.16 प्रतिशत बढ़कर 4,350.06 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस हो गई।
पिछले पांच सत्रों में, पीले धातु की कीमत में 159.32 अमेरिकी डॉलर या 3.80 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो 8 दिसंबर को दर्ज किए गए 4,190.74 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस से अधिक है। ज्वैलर्स आनंद सोनी ने कहाकि स्पॉट गोल्ड ट्रेडिंग में सकारात्मक रुझान देखने को मिल रहा है क्योंकि फेडरल रिजर्व ने न केवल उच्च मुद्रास्फीति के बीच ब्याज दर में कटौती की है, बल्कि ट्रेजरी बिल खरीदकर सिस्टम में तरलता भी बढ़ाई है।

