एवीएस न्यूज.उमरिया/ भोपाल

 जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक गुरुवार को कलेक्टर सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने सभी नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों को ठोस कचरे के वैज्ञानिक निपटान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि नगरीय निकाय घरों और सार्वजनिक स्थलों से गीले, सूखे तथा अन्य प्रकार के कचरे का पृथक-पृथक संग्रहण कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की भी समान भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे उमरिया शहर में अभी से प्रभावी कचरा प्रबंधन व्यवस्था लागू करना जरूरी है।

बैठक में कलेक्टर ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए सेनेटरी लैंडफिल और सामान्य अपशिष्ट प्रसंस्करण संयंत्रों के एकीकरण पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक नगरीय निकाय एवं वार्ड स्तर पर प्रतिमाह बैठक आयोजित कर कचरा प्रबंधन की नियमित समीक्षा की जाए। जिन निकायों में पर्याप्त कचरा वाहन उपलब्ध नहीं हैं, वे प्रस्ताव भेजें तथा बंद वाहनों से ही कचरा संग्रहण सुनिश्चित करें।

उन्होंने नगरीय निकायों के अधिकारियों को एसडीएम से समन्वय कर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के लिए उपयुक्त भूमि आवंटित कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों में गीले और सूखे कचरे के पृथक संग्रहण के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने तथा किसी भी स्थिति में सड़कों पर कचरा नहीं फेंकने की हिदायत दी।

बैठक में अपर कलेक्टर एवं प्रभारी जिला शहरी विकास अभिकरण प्रमोद कुमार सेन गुप्ता ने बताया कि 1 अप्रैल 2026 से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संबंधी नया अधिनियम लागू हो चुका है। इसके तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी कार्यालयों एवं संस्थानों में सूखे और गीले कचरे का अलग-अलग संग्रहण अनिवार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि नए प्रावधानों के अनुसार कचरा उत्पादन, संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण, निपटान तथा लीगेसी डंप साइट्स की बायोमाइनिंग और बायो-रिमेडिएशन की निगरानी भी अनिवार्य होगी।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक कचरा उत्पन्न करता है, इसलिए उसके प्रबंधन की जिम्मेदारी भी सामूहिक है। अधिनियम के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ ही अवैध रूप से कचरा भंडारण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

बैठक में नगर परिषद नौरोजाबाद के अध्यक्ष कुशल सिंह, विभिन्न नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, वार्ड पार्षद, एल्डरमैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।