15 जून तक लिए जाएंगे दावे एवं आपत्तियां, 22 जुलाई तक पूरी होगी पुनरीक्षण प्रक्रिया


एवीएस न्यूज. उमरिया/ भोपाल 
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राखी सहाय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 के संबंध में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों एवं समय-सीमा की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में मास्टर ट्रेनर सुशील मिश्रा ने संशोधित पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रों पर प्राधिकृत अधिकारियों द्वारा दावे एवं आपत्तियां 15 जून तक प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त आवेदनों का निराकरण 25 जून तक किया जाएगा तथा निराकृत दावा-आपत्ति प्रपत्रों की ईआरएमएस में प्रविष्टि 30 जून तक पूरी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि चेकलिस्ट तैयार करने की अंतिम तिथि 3 जुलाई निर्धारित की गई है। त्रुटि सुधार के बाद सूची को वेंडर को वापस भेजने की प्रक्रिया 6 जुलाई तक पूरी होगी। फोटोयुक्त एवं फोटोरहित अंतिम मतदाता सूची 9 जुलाई तक जनरेट की जाएगी तथा 10 जुलाई तक इसे वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।

कार्यक्रम के अनुसार 16 जुलाई तक फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची मुद्रित कर रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद 18 जुलाई को नगर पालिका वार्डों, ग्राम पंचायतों एवं अन्य निर्धारित स्थानों पर अंतिम मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन किया जाएगा। वहीं 20 जुलाई तक अंतिम फोटोयुक्त सूची की पीडीएफ, डीवीडी एवं सीडी की प्रतियां प्राप्त कर ली जाएंगी।

मास्टर ट्रेनर ने बताया कि 21 जुलाई से फोटोरहित डीवीडी एवं सीडी विक्रय के लिए उपलब्ध कराई जाएंगी। 22 जुलाई तक अंतिम मतदाता सूची के सार्वजनिक प्रकाशन का प्रमाण-पत्र स्कैन करने, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को सूची उपलब्ध कराने तथा स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित करने की कार्रवाई पूर्ण कर ली जाएगी।

बैठक में नगरीय निकायों में प्राप्त दावा-आपत्ति आवेदनों की स्थिति, विधानसभा मतदाता सूची एवं स्थानीय निकाय मतदाता सूची के मतदाताओं की तुलनात्मक जानकारी सहित अन्य आवश्यक विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी रीता डेहरिया, एसडीएम बांधवगढ़ अंबिकेश प्रताप सिंह तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।