“वृद्धि से परेः शहरी भविष्य की नई परिकल्पना” थीम के तहत इस दो दिवसीय एक्सपो में वरिष्ठ अधिकारी, शहरी नियोजनकर्ता, जलवायु विशेषज्ञ और उद्योग के भागीदार साथ आ रहे
डीडीए ने दिल्ली के सार्वजनिक स्थानों के भविष्य में एक परिवर्तनकारी कदम के तहत कई एमओयू पर हस्ताक्षर किए
 

एवीएस न्यूज. नई दिल्ली 
टिकाऊ शहरी विकास के अगले चरण को आकार देने और हरित दिल्ली की दिशा में प्रतिबद्धता प्रदर्शित करते हुए दिल्ली के माननीय उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने राष्ट्रीय राजधानी के बांसेरा में प्रथम डीडीए ग्रीन एक्सपो का आज उद्घाटन किया। 
“वृद्धि से परेः शहरी भविष्य की नई परिकल्पना” थीम के तहत इस दो दिवसीय एक्सपो में वरिष्ठ अधिकारी, शहरी नियोजनकर्ता, जलवायु विशेषज्ञ और उद्योग के भागीदार एक साथ आ रहे हैं। इसके अलावा, दिल्ली के सार्वजनिक स्थलों के भविष्य में एक परिवर्तनकारी क्षण के तहत अग्रणी राष्ट्रीय संस्थानों के साथ विभिन्न सहमति पत्रों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। 
राष्ट्रीय राजधानी में हरियाली को बढ़ावा देने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दर्शाते हुए माननीय उप राज्यपाल ने डीडीए ग्रीन्स लोगो और डीडीए ग्रीन्स ईयरबुक 2026 का भी अनावरण किया। 
ग्रीन एक्सपो का उद्घाटन करते हुए माननीय उप राज्यपाल ने कहा, यह एक्सपो दिल्ली के लिए एक अधिक हरे-भरे, स्वस्थ और अधिक आशापूर्ण भविष्य को लेकर हमारी प्रतिबद्धता मजबूत करता है। 
उन्होंने आगे कहा कि यह एक्सपो केवल सम्मेलनों और प्रदर्शनियों के बारे में नहीं है, बल्कि यह लोगों के बारे में है। यह उन हजारों दिल्ली वासियों के लिए सम्मान का प्रतीक है जो अपने घरों के बाहर छोटे छोटे हरे-भरे क्षेत्रों का पोषण करते हैं, अपने बच्चों को स्थानीय पक्षियों के बारे में शिक्षा देते हैं, पौधे लगाते हैं और उनकी देखभाल करते हैं। वे हमारे पर्यावरण की यात्रा के प्रतिदिन के हीरो हैं। 
उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति तीन साल पहले कल्पना नहीं कर सकता था कि इस खराब हो चुके प्रदूषित स्थान पर एक “ग्रीन एक्सपो” का आयोजन होगा और यह दिल्ली के लिए एक टिकाऊ भविष्य की योजना बनाने का एक प्लेटफॉर्म बन जाएगा।
यह खराब हो चुकी भूमि को फिर से हरा-भरा करने का एक उत्कृष्ट उदाहरण है और बांसेरा लचीलेपन एवं प्रयास का एक गवाह है। 
उप राज्यपाल ने कहा कि यह एक्सपो चिंतन कर दिल्ली की पर्यावरण संबंधी चुनौतियों के व्यवहारिक समाधान की पेशकश करता है। 
डीडीए के उपाध्यक्ष श्री एन सरवाना कुमार ने कहा कि दिल्ली विकास प्राधिकरण की भूमिका को अक्सर एक मास्टर प्लानर, डेवलपर और रेगुलेटर के तौर पर देखा जाता है। हालांकि, इन जिम्मेदारियों के साथ ही डीडीए के पास एक अत्यधिक महत्वपूर्ण एवं जवाबदेही भरी भूमिका है और वह दिल्ली के पर्यावरण ट्रस्टी की भूमिका है। 
जहां इस दो दिवसीय एक्सपो में टिकाऊ शहरी विकास पर चर्चा करने के लिए नीति निर्माता, नियोजनकर्ता, जलवायु विशेषज्ञ और उद्योग के नेता एक साथ होंगे, यहां की गई रणनीतिक साझीदारियां इस बात को नए सिरे से परिभाषित करेंगी कि कैसे डीडीए के पार्क इस शहर में काम करते हैं। 
इन गठबंधनों के जरिए डीडीए ग्रीन्स, मनोरंजन से परे जाकर गतिशील नागरिक प्लेटफॉर्म बनने की दिशा में सीखने, नवप्रवर्तन, पारिस्थितिकी और संस्कृति के लिए जीवंत प्रयोगशालाओं का रूप लेने को तैयार है। 
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) के साथ अपनी तरह की पहली साझीदारी के तहत डीडीए के पार्क सांस्कृतिक कक्षाओं का रूप लेंगे। इस गठबंधन के तहत एनएसडी पार्क स्थलों में क्यूरेटेड कम्युनिटी थिएटर वर्कशाप और बाल नाट्य कार्यक्रमों का आयोजन करेगा जिससे खुले और सार्वजनिक वातावरण में कला प्रदर्शन सुलभ होगा।