भेल में अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्रणालियों का किया उद्घाटन
डिजिटल परिवर्तन की दिशा में बड़ा कदम; देश भर में 174 और भोपाल में 7 उन्नत वीसी कक्ष चालू
एवीएस न्यूज, भोपाल।
भेल भोपाल में कार्यपालक निदेशक पीके उपाध्याय ने महाप्रबंधकों, डीआरओ और विभागाध्यक्षों की उपस्थिति में नवनिर्मित अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्रणालियों का उद्घाटन किया। यह पहल भेल के भीतर डिजिटल संचार बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और संपूर्ण उद्यम में डिजिटल परिवर्तन की गति को तेज़ करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
इस परियोजना के तहत भेल की विभिन्न इकाइयों, क्षेत्रीय कार्यालयों और दूर-दराज के परियोजना स्थलों पर कुल 174 वीसी कक्षों को सफलतापूर्वक स्थापित किया गया है। इस राष्ट्रव्यापी नेटवर्क के अंतर्गत भेल भोपाल में 7 उन्नत वीसी प्रणालियां चालू की गई हैं, जिनमें 5 अपग्रेड (प्रतिस्थापित) वीसी कक्ष: पुराने सिस्टम के स्थान पर अत्याधुनिक तकनीक। इस दौरान संजीव कुमार प्रबंधक, संजीव लुगुन वरिष्ठ प्रबंधक और सतीश असनानी वरिष्ठ डीजीएम, एनपी सनोदिया एजीएम एवं विभागाध्यक्ष और विवेक पाठक एजीएम मौजूद थे।

दो नवनिर्मित उच्च क्षमता वाली सुविधाएं
ये विशेष रूप से ‘डीटीजी कॉन्फ्रेंस हॉल’ और ‘विकास हॉल’ में स्थापित की गई हैं। इसके अतिरिक्त, पूरे उद्यम में निर्बाध और सुरक्षित संचार सुनिश्चित करने के लिए क्लाउड-आधारित वीसी प्लेटफॉर्म के 953 लाइसेंस खरीदे गए हैं, जिसमें से 80 लाइसेंस विशेष रूप से भेल भोपाल को आवंटित किए गए हैं।
डीटीजी भोपाल द्वारा कुशल खरीद और प्रबंधन
इस पूरी परियोजना के लिए डीटीजी भोपाल ने भारत हैवी इलेक्टि्रकल्स लिमिटेड की सभी इकाइयों के लिए ‘मुख्य खरीद एजेंसी’ के रूप में कार्य किया। पीसी-आधारित इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम के कॉर्पोरेट-व्यापी दर अनुबंध के पूरे जीवनचक्र का प्रबंधन डीटीजी विभाग द्वारा अत्यंत कुशलता से किया गया।






