भारतीय डाक भुगतान बैंक ने शुरू किया अभियान 5.0, 30 नवंबर तक मिलेगी सुविधा
 - डाकिया घर पहुंचकर करेंगे आधार आधारित प्रमाणीकरण

   

आत्माराम सोनी .भोपाल 
पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए अब बैंक या सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। भारतीय डाक भुगतान बैंक (आईपीपीबी) ने पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग के साथ मिलकर राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0 में भागीदारी की है। इसके तहत 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक देशभर के 2,000 जिलों एवं उप-जिलों में पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

इस अभियान का विशेष ध्यान ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले पेंशनभोगियों पर है। डाक विभाग के डाकिए और ग्रामीण डाक सेवक घर पहुंचकर जीवन प्रमाण पत्र बनाने में मदद करेंगे। इसके अलावा नजदीकी डाकघरों और विशेष शिविरों के माध्यम से भी यह सुविधा मिलेगी।
 

चेहरे की पहचान और अंगुलियों के निशान से बनेगा प्रमाण पत्र
अभियान में आधार आधारित अंगुलियों के निशान और चेहरे की पहचान तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे बुजुर्ग और अस्वस्थ पेंशनभोगियों को विशेष राहत मिलेगी। उन्हें घर बैठे सुरक्षित तरीके से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा मिलेगी।
 

 मात्र 70 रुपए लगेगा सेवा शुल्क
ग्रामीण डाक सेवक के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए मात्र 70 रुपये सेवा शुल्क निर्धारित है। इसके लिए पेंशनभोगी को अपना आधार नंबर और पेंशन वितरण एजेंसी से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध करानी होगी। प्रमाण पत्र बनने के बाद इसे जीवन प्रमाण की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन देखा जा सकेगा।

मध्य प्रदेश परिमंडल, भोपाल के सहायक निदेशक ने बताया कि भारतीय डाक भुगतान बैंक और डाक विभाग अपने व्यापक डाक नेटवर्क के जरिए पेंशनभोगियों के घर तक निर्बाध डिजिटल जीवन प्रमाण सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


 देश के 11 करोड़ ग्राहकों तक पहुंच
उल्लेखनीय है कि भारतीय डाक भुगतान बैंक ने वर्ष 2020 में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की घर पहुंच सेवा शुरू की थी। वर्ष 2018 में स्थापित इस बैंक के नेटवर्क में करीब 1.65 लाख डाकघर और 3 लाख डाक कर्मचारी शामिल हैं। बैंक देश के 5.57 लाख गांवों एवं कस्बों में लगभग 11 करोड़ ग्राहकों को सेवाएं प्रदान कर रहा है।