भोपाल उत्सव मेला, तेज ठंड के बावजूद भारी भीड़, बच्चे व परिवार के सदस्य देर रात तक ले रहे झूलों का आनंद
कंबल, प्लेन सूट, जैकेट व स्वेटर सभी घरेलू सामग्री मेला प्रांगण में किफायती दामों पर
एवीएस न्यूज . भोपाल
टीटी नगर दशहरा मैदान में 33 वें भोपाल उत्सव मेला पूरे शबाब पर है। रात के समय झूलों और दुकानों पर लगी रंग-बिरंगी लाइटें मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रही हैं। मेला में उत्साह चरम पर है, और बच्चे व परिवार के सदस्य देर रात तक झूलों का आनंद ले रहे हैं। या यूं कहे कि बढ़ती ठंडी ने इस मेले में रौनक भर दी है। सैकड़ों दुकानों में हजारों लोग खरीदारी कर रहे हैं। काफी बड़ी संख्या में लोगों का लगातार मेले में आना जारी है।
मेले में सैकड़ों कपड़ों की दुकान लगी हुई है और हजारों लोग रोज खरीदारी कर रहे हैं। मजेदार बात यह है कि कश्मीर से आने वाले करीब दर्जनभर दुकानें भी पूरी तरीके से सजी हुई है। इनका कहना है कि मेले के समय में 20 से 25 प्रतिशत तक की बिक्री होती थी लेकिन इन दिनों यह बिक्री 95 प्रतिशत तक हो रही है। वहीं, लोग बाजारों की सजावट की फोटो क्लिक करते दिखाए दिए। इसके साथ ही सेल्फी भी क्लिक की, ताकि वे खूबसूरत लाइटिंग को मेमोरी के तौर पर तस्वीर में सहेज सकें।

परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने मेले में झूला, चर्खी का आनंद उठाया: सुनील
मेला समिति के महामंत्री सुनील जैनाविन ने बताया कि भोपाल के टी टी नगर दशहरे मैदान में चल रहे भोपाल उत्सव मेले में ठिठुरती सर्दी के बावजूद भारी भीड़ उमड़ रही है। मेला में सजी रंग-बिरंगी रोशनी और झूलों के बीच व्यापारियों के चेहरे पर खुशी की लहर है। मेला में शनिवार को भीड़ उमड़ पड़ी। अब लोग मेले में खरीदारी संग घूमने का मौका गंवाना नहीं चाहते हैं। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने मेले में झूला, चर्खी का आनंद उठाया। बच्चे छोटा झूला जबकि बड़े रेंजर व ब्रेक डांस झूले पर आनंद ले रहे थे।
मेले में खरीदारी करने के बाद जलेबी व छोला का भी आनंद लिए। खरीदारी के लिए यहां एक से बढक़र एक स्टॉल लगे हुए हैं। लेकिन सबसे अधिक भीड़ गर्म कपड़ों के बाजार में देखी जा रही है। यहां 100 रुपए से लेकर 10 हजार तक का सामान उपलब्ध है। यहां डबल बेड का कंबल सिर्फ 500 में मिल रहा है। तो वहीं, 200 रुपए में जैकेट उपलब्ध है। आप चाहे तो यहां से वुलेन शॉल, स्वेटर, कंबल, रजाई, जैकेट, मफलर, टोपी, इनर, कार्डिगन आदि सस्ते रेट में खरीद सकते हैं। गर्म कपड़ों की बिक्री बढऩे से कारोबारियों में भी खुशी देखी जा रही है।

-चादर, रजाई व कंबल की हुई बिक्री
मेला बाजार में लोगों ने ठंड को देखते हुए रजाई, चादर व कंबल की जमकर खरीदारी की। वहीं,एक दुकानदार मीर गौहर ने बताया कि बहुत अच्छे हालात हैं, बहुत अच्छी बिक्री चल रही है, ठंड की वजह से और भी ज्यादा लोग मार्केट की तरफ निकल गए। अच्छी परचेजिंग कर रहे हैं। जिसकी उन्हें आवश्यकता थी वह उसे खरीद रहे हैं। बताया कि हम लोग श्रीनगर से है जब से मेला लगा तभी से मेले में दुकान लगाने आते है। मेले के समय में अपनी भीड़ होती है इसमें जो भी आता है परचेजिंग के लिए ही आता है। अभी कंबल, प्लेन सूट, जैकेट व स्वेटर वगैरह सभी बिक रहा है। मेले के लिए 6 महीने पहले हम तैयारी करते हैं। मेले में दुकान सजाने वाले मोहम्मद यूसुफ बताते हैं कि दुकान बहुत अच्छा चल रहा है, लोग काफी सामान खरीद रहे हैं। अभी वही लोग आ रहे हैं जिनको सामान खरीदना है। ग्राहकों का कहना है कि इस तरह की मेले से उन्हें एक ही जगह पर रोजमर्रा की जरूरत की कई चीजें सस्ती दरों में मिल जाती हैं। एक महिला ग्राहक ने बताया, यहां 100 रुपये में जो कुर्ता सेट मिल रहा है, वो बाजार में 200 से कम में नहीं मिलता। बच्चों के लिए 10-20 रुपए में खिलौने मिल रहे हैं।

-फैक्ट्री रेट पर बेचते हैं सामान
दुकानदार कुंदन कुमार बताते हैं कि मेले में फैक्ट्री रेट पर कंबल, स्वेटर, रजाई, जैकेट, मफलर सहित कई तरह सामान मिलते हैं। हमारे यहां 200 से लेकर 1000 रुपए तक के जैकेट उपलब्ध है। कुंदन बताते हैं कि जिस जैकेट का रेट दुकान में 1000 रुपए है, वह हम लोग 200-400 रुपए में बेचते हैं। कुंदन कहते हैं कि मेले में हम कई साल से आ रहे हैं।
इस मेले में अधिक बिक्री होती है। इसलिए साल दर साल आते रहते हैं। जबकि, व्यापारी आकाश साह बताते हैं कि हमारे स्टॉल पर 500 में डबल बेड का कंबल उपलब्ध है। वहीं, 100 रुपए में मफलर और शॉल भी मिल जाएगी। आकाश की माने तो इस बार सोनपुर मेला में बाजार थोड़ा मंदा है, इसलिए हम लोग काफी सस्ते में सामान बेच रहे हैं।

