ट्रांसपोर्ट संगठनों ने की वाहन मालिकों और चालकों से सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील
एवीएस न्यूज. भोपाल
ऑल इंडिया मोटर एंड गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष राजेन्द्र कपूर ने कहाकि देश की राजधानी दिल्ली में हुई विस्फोट की गंभीर घटना के बाद सुरक्षा स्वरूप ट्रांसपोर्ट उद्योग सुरक्षा एजेंसियों एवं सरकार के कार्य में पूरा सहयोग करने का तत्पर है। उन्होंने ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े ट्रांसपोर्टरों, वाहन मालिकों और वाहन चालकों से अपील है कि सतर्कता और सावधानी बरते।

कपूर ने कहाकि किसी भी प्रकार की अफवाहों या अनावश्यक भय का वातावरण उत्पन्न करना सुरक्षा एजेंसियों और सरकार के कार्य में बाधा पहुंचा सकता है। हमें अपनी सरकार, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों पर पूर्ण विश्वास है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में दोषी चाहे वे आतंकी हों या कोई अन्य अपराधी किसी भी परिस्थिति में उन्हें नही बख्शेंगे।
उन्होंने समस्त ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों की ओर से कहाकि हम सभी ट्रांसपोर्टर, ट्रक ऑपरेटर और लॉजिस्टिक्स कम्पनियां यह विश्वास दिलाते हैं कि हमारे सभी कार्यालय, गोदाम और कार्य स्थल पूर्ण रूप से खुले रहेंगे तथा हम कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को हर संभव सहयोग देंगे। उन्होंने कि हम देश की सुरक्षा में योगदान देने वाली सभी एजेंसियों के साथ हैं और सभी ट्रांसपोर्ट भाइयों से अपील करते हैं कि वे शांति, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपना कार्य जारी रखें।

परिवहन में लगे वाहनों को कभी भी बिना निगरानी के न छोड़ें
भोपाल ट्रांसपोर्ट कंपनीज एसोसिएशन के अध्यक्ष ठाकुरलाल राजपूत और राजेन्द्र सिंह बग्गा ने कहाकि विस्फोट जैसी घटना के बाद ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों से सतर्कता बरतने और सावधानी रखने की अपील की जा रही है ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना घटित नही हो। उन्होंने कहाकि यह सुनिश्चित करें कि विस्फोटक सामग्री ले जाने वाले या सामान्य परिवहन में लगे वाहनों को कभी भी बिना निगरानी के न छोड़ें।

राजेन्द्र सिंह बग्गा ने कहाकि वाहन चालकों की गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से नजर रखें ताकि वे अजनबियों को न बिठाएं, निर्धारित मार्ग से न भटकें, या किसी भी संदिग्ध गतिविधि में शामिल न हों। ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कर्मचारियों और सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, विशेष रूप से रात के दौरान उपयोग की जाने वाली कैब या ट्रकों में जीपीएस सिस्टम स्थापित करें।

