इंडेन गैस कंपनी ने एजेंसी को भेजा कम वजन में सिलेंडर, नापतौल विभाग ने दर्ज किया इंडेन कंपनी के विरुद्ध प्रकरण
इंडेन कंपनी की गाडी में 3 किलो तक कम निकली गैस.
एवीएस न्यूज.भोपाल
वैश्विक युद्ध बीच राजधानी, मध्यप्रदेश सहित समूचे प्रदेश में उत्पन्न हुई एलपीजी के किल्लत के बीच इंडेन गैस डिपो के अधिकारियों,कर्मचारियों की मिली भगत का एक बड़ा भंडाभोड़ गुरूवार को नापतौल विभाग की टीम ने किया।
नापतौल विभाग टीम द्वारा की गई धरपकड़, जांच पड़ताल की कार्रवाई में इंडेन गैस कंपनी के विरूद्ध प्रकरण दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बकानिया स्थित इंडेन गैस कंपनी से रात को 8 बजे निकला ट्रक 13 घंटे में सुबह 9 बजे गोडाउन पर पहुंचा। नापतौल विभाग के उप नियंत्रक नसीमउद्दीन को कम घरेलू गैस सिलेंडर की सूचना प्राप्त होने पर विभाग के निरीक्षक गोविंद प्रसाद रायकवार, अर्पित जैन को स्थल पर भेजकर जांच करने के निर्देश दिए।
दोपहर 2 बजे माली खेड़ी स्थल पर पहुंचकर सैनी गैस एजेंसी के गोडाउन के बाहर इंडेन गैस कंपनी द्वारा भेजे गए ट्रक क्रमांक यूं पी 78 जीटीओ 0294 में उपभोक्ताओं को देने के लिए आए 342 गैस सिलेंडरों की जांच की गई।
सभी सिलेंडर सील पैक पाए गए। वजन करने पर 27 सिलेंडरों में 1 किलो से 3 किलो तक गैस कम पाई जांच में लगभग 5 घंटे का समय दल को लगा।
नापतौल विभाग के नसीमुद्दीन उप नियंत्रक नापतौल भोपाल, गोविंद प्रसाद रायकवार निरीक्षक और उमाशंकर तिवारी के मुताबिक बकानिया स्थित इडेन गैस डिपो से कंपनी ने सैनी गैस एजेंसी को कम वजन में सिलेंडर भेजा। अत: नापतौल विभाग ने इंडेन कंपनी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया।

