जियो पेमेंट्स बैंक ‘एडवांस इलेक्ट्रोनिक टोल कलेक्शन’ का करेगा इस्तेमाल
मुबई । जियो पेमेंट्स बैंक को फ़ासटैग ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन पर आधारित मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोल कलेक्शन सिस्टम को लागू करने के लिए दो टोल प्लाज़ा का कॉन्ट्रैक्ट मिला है। जियो पेमेंट्स बैंक, एक डिजिटल-फर्स्ट पेमेंट्स बैंक है और जियो फ़ाइनेंशियल सर्विसेज़ लिमिटेड की सहायक कंपनी है। इसे गुरुग्राम-जयपुर के बीच शाहजहांपुर और मनोहरपुरा में प्रबंधन के लिए दो टोल प्लाज़ा मिले हैं ।
मल्टीलेन, फ्री फ्लो टोलिंग सिस्टम, टोल वसूल करने का एक तरीका है जिसमें वाहन की पहचान कर उसे क्लासिफ़ाई करना और टोल चार्ज करना शामिल है। इस नई व्यवस्था में टोल प्लाज़ा पर गाड़ियों को रोकने, धीरे करने या किसी तय लेन में जाने की जरूरत नहीं पड़ती।
वाहनों से टोल चार्ज करने के लिए रेडियो फ़ीक्वेंसी की पहचान, एएनपीआर, डेडिकेटेड शॉर्ट रेंज कम्युनिकेशन और ग्लोबल नैविगेशन सैटेलाइट सिस्टम का इस्तेमाल किया जाता है। इस तकनीक के इस्तेमाल से वाहनों को टोल प्लाज़ा पर रुकना नहीं पड़ेगा और यातायात सुचारु रूप से चलता रहेगा।
जियो पेमेंट्स बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ विनोद ईश्वरन ने कहाकि हमारा मिशन हर पेमेंट को डिजिटल बनाना, ढांचागत सुविधाओं को देश के कोने-कोने में पहुंचाना और देश के नागरिकों को बेहतर फाइनेंशियल सर्विस देना है। हम मोबिलिटी की क्षमता को लगातार बढ़ा रहे हैं ताकि टोल वसूल करने का काम बेहतर तरीके से किया जा सके।

