एवीएस न्यूज..भोपाल 
 टैक्स लॉ बार एसोसिएशन, भोपाल द्वारा आयोजित मासिक स्टडी सर्किल बैठक में जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण (जीएसटीएटी) से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। वाणिज्यिक कर भवन, अरेरा हिल्स स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और कर सलाहकारों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।


बैठक के प्रथम सत्र में वरिष्ठ कर विशेषज्ञ सीए संदीप मुखर्जी ने जीएसटीएटी प्रक्रिया, व्यावहारिक चुनौतियां और उभरते मुकदमेबाजी परिदृश्य" विषय पर व्याख्यान देते हुए जीएसटीएटी की कार्यप्रणाली, अपील प्रक्रिया, व्यवहारिक चुनौतियों और उभरते विवादों के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि  जीएसटीएटी की स्थापना से करदाताओं और कर पेशेवरों को विवादों के समाधान के लिए एक प्रभावी मंच मिलेगा। दूसरे सत्र में सीए अंकुर अग्रवाल ने जीएसटीएटी के समक्ष अपील दायर करते समय महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश विषय पर प्रस्तुति देते हुए अपील दाखिल करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, समय-सीमा और तकनीकी त्रुटियों से बचने के उपायों की जानकारी दी।

उन्होंने प्रतिभागियों के प्रश्नों का भी विस्तार से उत्तर दिया। कार्यक्रम के दौरान टैक्स लॉ बार एसोसिएशन ने जीएसटी राज्य कर विभाग के अधिकारियों का सम्मान भी किया। संस्था के पदाधिकारियों, समिति सदस्यों तथा वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ताओं की उपस्थिति में अधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके योगदान और कर प्रशासन में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सम्मानित किया गया। 


एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट मनोज कुमार पारख ने कहा कि जीएसटीएटी की स्थापना कर विवादों के त्वरित और प्रभावी निपटारे की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने सदस्यों से ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रमों में नियमित सहभागिता कर कर कानूनों में हो रहे नवीनतम बदलावों से अपडेट रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन एसोसिएशन के सचिव एडवोकेट धीरज अग्रवाल ने किया।