सभी कानूनों में कर निर्धारण की मूल बातें लगभग एक जैसी : पांडे
भोपाल। टैक्स लॉ बार एसोसिएशन द्वारा सदस्यों के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसे वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट ध्रुव पांडे ने संबोधित किया। सलाहकारों को बताया कि आयकर ,जीएसटी, बेनामी प्रॉपर्टी आदि सभी कानूनों में कर निर्धारण की मूल बातें लगभग एक जैसी हैं। पूर्वता का नियम कर प्रणाली में बहुत महत्वपूर्ण है जिसका उपयोग किसी कर निर्धारण या अपील प्रकरण में किया जा सकता है। कर अधिकारियों के साथ सम्मान पूर्वक व्यवहार करना चाहिए, अपने पक्षकार के प्रकरण में उन्हें जितना हो सके कम से एवं कम जानकारी एवं कागजात देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि किसी अधिकारी द्वारा पारित आदेश का उच्च अधिकारी पुनर्वालोकन कर सकते हैं एवं अगर उन्हें लगता है की कोई छूट गलत दे दी गई है, तो उसके विरुद्ध विभाग भी अपील कर सकता है। अगर शोकाज नोटिस धारा 73 में जारी किया गया है एवं अधिकारी को प्रकरण में जांच करने पर कोई कर की चोरी मिलती है तो प्रकरण में धारा 73 की कार्रवाई समाप्त किए बिना धारा 74 के अंतर्गत आदेश पारित नहीं किया जा सकता। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष मृदुल आर्य, उपाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल, सचिव मनोज पारख, कोषाध्यक्ष धीरज अग्रवाल, वरिष्ठ सदस्य राजेश जैन ,अशोक मिश्रा आदि मौजूद थे।

