टेक्सटाइल रिसाइकल प्लांट में आग के बाद एक्शन मोड पर निगम...
 गोविंदपुरा में निगम वेंडर से करेगा नुकसान की रिकवरी, परिसर में लगी मशीनरी हटाने और जगह खाली करने को कहा
15 स्टेशनों से नारियल, कपडे, फूल और थर्माकोल रोज पहुंचता है प्लांट  
निगम को बेहद कम मिल रहा है राजस्व, जबकि जमीन, शेड आदि सुविधाएं निगम ने करवाई हैं मुहैया
निगम का तर्क- एनटीपीसी को जल्द भेजा जाएगा नारियल और थर्माकोल, जगह करवाई जाएगी खाली

 

एवीएस न्यूज, भोपाल।
शनिवार-रविवार की देर रात गोविंदपुरा में नगर निगम के गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन परिसर में टेक्सटाइल यूनिट में लगी आग से 150 टन टेक्सटाइल कचरा जलने की घटना के बाद निगम प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। निगम टेक्सटाइल यूनिट में आग से हुए नुकसान की भरपाई वेंडर से करेगा। मशीनरी हटाकर जगह खाली करने के लिए भी नोटिस जारी कर दिए गए हैं। दूसरी ओर दाना पानी ट्रांसफर स्टेशन परिसर में संचालित नारियल और थर्माकोल रिसाइकल प्लांट भी बंद होंगे। यहां भी क्विंटलों सूखे नारियल का ढेर लग रहा है, जबकि थर्माकोल भी बड़ी मात्रा में यहां रखा हुआ है। 
निगम परिसर में उक्त प्लांट पीपीपी मोड पर संचालित हो रहे थे। गोविंदपुरा में 5 हजार स्कवायर फीट जगह टेक्सटाइल फेसिलिटी प्लांट के संचालन के लिए दी थी। यही नहीं बिजली कनेक्शन के अलावा पार्किंग, पूरे शहर से पुराने कपड़ों को लाकर देने की सुविधा भी उपलब्ध करवाई थी। इसी तरह दाना पानी ट्रांसफर स्टेशन पर भी नारियल और थर्माकोल प्लांट लगाने के लिए निगम ने सुविधाएं मुहैया करवाई हैं, लेकिन इन यूनिटों की क्षमता कम होने और अधिक मात्रा में सामग्री पहुंचने के चलते संचालन गड़बड़ा गया और वेंडर ने काम बंद कर दिया। 

 

कहां-कितनी क्षमता के लगे हैं प्लांट
     दाना पानी में थर्माकोल यूनिट- क्षमता-4 टन
     दाना पानी में नारियल प्रो​सेसिंग यूनिट-क्षमता-3 टन 
     गोविंदपुरा में टेक्सटाइल प्लांट-1 टन 

 

15 स्टेशनों से निगम के वाहनों से रोज पहुंचती है सामग्री

शहरभर के ट्रांसफर स्टेशनों से नारियल, थर्माकोल और बड़ी तादाद में फूल उक्त प्लांट पर निगम के वाहनों से पहुंचाए जाते हैं। जहां निर्धारित प्रक्रिया के बाद प्लांट में रिसाइकल किया जाता है। इन प्लांटों पर क्षमता से अधिक सामग्री पहुंचने से व्यवस्थाएं लड़खड़ा गईं और वेंडरों ने काम बंद कर दिया। इसके कारण ही टेक्सटाइल यूनिट बंद हो गई और 150 टन से ज्यादा टेक्सटाइल कचरा प्लांट व उसके पीछे मैदान में एकत्र हो गया, जहां बीती रात आग लगने की घटना हुई। 


एनटीपीसी को दी जाएगी प्लांटों पर रखी सामग्री
निगम प्रशासन रिसाइकल प्लांटों पर रखी सामग्री एनटीपीसी को देने का निर्णय लिया है। जहां उनके प्लांट पर उक्त सामग्री की प्रोसेसिंग होगी। 
 

जले टेक्सटाइल कचरे को हटाने में जुटा निगम का अमला
सोमवार को गोविंदपुरा प्लांट के पीछे मैदान में 150 टन जले टेक्सटाइल कचरे को हटाने का काम शुरू हो गया। इस काम के लिए निगम के कई वाहन और कर्मचारी लगाए गए हैं। 


निगम का तर्क- वेंडर काम नहीं कर रहे थे, जगह खाली करने दिया नोटिस
नगर निगम के सिटी इंजीनियर प्रमोद मालवीय ने बताया वेंडर काम नहीं कर रहे थे, इसलिए उन्हें पहले भी नोटिस दिए गए थे। अब आग लगने की घटना के बाद नुकसान की रिकवरी भी वेंडर से होगी। साथ ही जगह भी खाली करने के लिए नोटिस दिया है।