प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, 20 दुकानें और 2 आवासीय अतिक्रमण हटाए
 एवीएस न्यूज..भोपाल 
गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र के ग्राम नरेला शंकरी स्थित शासकीय भूमि को प्रशासन ने गुरुवार को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान शासकीय भूमि पर अवैध रूप से निर्मित 20 दुकानों और 2 आवासीय अतिक्रमणों को हटाया गया। अतिक्रमित भूमि की अनुमानित बाजार कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई गई है।

अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई राजस्व विभाग, नगर निगम, उद्योग विभाग और पुलिस बल की संयुक्त मौजूदगी में की गई। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।


कार्रवाई के दौरान एसडीएम गोविंदपुरा आशुतोष शर्मा, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सिद्धार्थ खरे, तहसीलदार गोविंदपुरा सौरव वर्मा, नगर निगम अधिग्रहण शाखा प्रभारी शैलेंद्र भदौरिया सहित पुलिस एवं उद्योग विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। गोविंदपुरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय गौड़ और उनकी टीम के साथ औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगपति भी मौके पर उपस्थित रहे।


 प्रशासन की कार्रवाई की सराहना
गोविंदपुरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (जिया) के अध्यक्ष विजय गौड़ ने प्रशासन की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की यह कार्रवाई औद्योगिक क्षेत्र के व्यापक हित में महत्वपूर्ण कदम है। गौड़ ने कार्रवाई के लिए प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर गोविंदपुरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन द्वारा आरसीसी पोल फेंसिंग कराई जाएगी और पौधरोपण किया जाएगा, ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की स्थिति न बने और क्षेत्र को व्यवस्थित एवं हरित बनाया जा सके।