ताला-मानपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: कार-बाइक भिड़ंत में दो की मौत,
एम्बुलेंस नहीं मिलने पर अस्पताल प्रबंधन पर उठे सवाल
एवीएस न्यूज . भोपाल/ मानपुर
ताला-मानपुर मार्ग पर सरमनिया मोड़ के पास सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार हैदर खान (40), निवासी मानपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद अनिल रजक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि अनिल रजक का बायां पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही ताला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मानपुर पहुंचाया गया।

परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई, जिसके कारण घायल अनिल रजक की हालत लगातार बिगड़ती गई और परिजनों के सामने ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद सीएचसी मानपुर परिसर में आक्रोश का माहौल बन गया। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते एम्बुलेंस और उचित इलाज मिल जाता, तो अनिल रजक की जान बचाई जा सकती थी।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सीएचसी मानपुर लंबे समय से डॉक्टरों की कमी, अव्यवस्था और संसाधनों के अभाव से जूझ रहा है। गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया जाता है, जिससे यह अस्पताल अब “रेफरल सेंटर” बनकर रह गया है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति को एक बार फिर उजागर कर दिया है। वहीं, हादसे के बाद लोगों में अस्पताल प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है।






