88 घंटे के सैन्य अभियान की अनकही कहानी 15 अगस्त को होगी प्रसारित


एवीएस न्यूज मुंबई


 भारत के चर्चित सैन्य अभियान ऑपरेशन सिंदूर  की रणनीति, तैयारी और पर्दे के पीछे की घटनाओं को पहली बार विस्तार से दिखाने वाली दो-भागों की डॉक्यूमेंट्री डिक्लासिफाइड: ऑपरेशन सिंदूर का प्रीमियर 15 अगस्त 2026 को डिस्कवरी और डिस्कवरी+ पर किया जाएगा। पहला भाग रात 9 बजे और दूसरा भाग रात 10 बजे प्रसारित होगा। डॉक्यूमेंट्री में 88 घंटे तक चले इस सैन्य अभियान के दौरान लिए गए महत्वपूर्ण रणनीतिक निर्णयों, विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय और सैन्य नेतृत्व की भूमिका को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।

इसमें सैन्य अधिकारियों, रक्षा विशेषज्ञों, वरिष्ठ पत्रकारों और अभियान से जुड़े लोगों के अनुभवों के माध्यम से ऑपरेशन की पूरी पृष्ठभूमि और घटनाक्रम को दर्शाया गया है।

श्रृंखला की शुरुआत पहलगाम आतंकी हमले के बाद बने हालात से होती है और इसके बाद भारत की सैन्य तैयारियों, ऑपरेशन की योजना, क्रियान्वयन और उसके प्रभाव को क्रमबद्ध तरीके से दिखाया गया है। डॉक्यूमेंट्री में वॉर रूम से लेकर फ्रंटलाइन तक की गतिविधियों की झलक भी शामिल है, जिससे दर्शकों को अभियान के मानवीय और रणनीतिक दोनों पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा।


वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी, साउथ एशिया के हेड ऑफ फैक्टुअल एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल एवं किड्स साई अभिषेक ने कहा कि डिक्लासिफाइड: ऑपरेशन सिंदूर नई डीक्लासिफाइड फ्रेंचाइज की पहली प्रस्तुति है।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना को व्यापक शोध, तथ्यों की सटीकता और विषय की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, ताकि दर्शकों तक ऐतिहासिक घटनाओं की विश्वसनीय और गहन जानकारी पहुंचाई जा सके। डॉक्यूमेंट्री का दावा है कि यह केवल सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि उसके पीछे की रणनीतिक सोच, मानवीय संकल्प और उन फैसलों की कहानी भी सामने लाती है, जो अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए थे।