योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग करें समन्वित प्रयास- कलेक्टर


एवीएस न्यूज . भोपाल


 कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार लंबित शिकायतों की गहन समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समयसीमा में संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। 


बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री निवास से प्राप्त आवेदनों,आयुक्त शहडोल संभाग कार्यालय से प्राप्त आवेदनों तथा जनसुनवाई, न्यायालयीन प्रकरणों, मानवाधिकार के पत्रों,फैक्ट न्यूज आदि की समीक्षा करते हुए जिला प्रमुख अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी दायित्वों का निर्वहन समय सीमा में अनिवार्य रूप से करें।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज होते ही उस पर तत्काल कार्रवाई की जाए और अनावश्यक देरी से बचा जाए। उन्होंने अधिकारियों को टीम भावना के साथ काम करने की नसीहत देते हुए कहा कि अंतिम तिथि पर शिकायतों को एक-दूसरे विभाग में ट्रांसफर करने की प्रवृत्ति पूरी तरह बंद की जाए।

बैठक में समन्वय पर विशेष जोर देते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वन विभाग से संबंधित एनओसी या अन्य आवश्यक अनुमतियां प्रोजेक्ट स्वीकृति से पहले ही प्राप्त कर ली जाएं, ताकि विकास कार्यों में बाधा न आए। साथ ही उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग समन्वित प्रयास करें।

जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि स्लॉट बुकिंग में आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए तथा पेट्रोल आपूर्ति पर निरंतर निगरानी रखी जाए। सभी एसडीएम को सख्त निर्देश दिए गए कि जिले में गैस सिलेंडर का अवैध विक्रय किसी भी स्थिति में न हो। 


जनजातीय कार्य विभाग को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर अधिक से अधिक छात्रों का समय पर पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किए गए कार्यों को नियमित रूप से पोर्टल पर अपडेट करने के लिए सभी विभागों को कहा गया।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, अपर कलेक्टर पी.के. सेनगुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम सत्या, संयुक्त कलेक्टर रीता डेहरिया, अमित सिंह, एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी, एसडीएम बांधवगढ़ अंबिकेश प्रताप सिंह, एसडीएम पाली मीनाक्षी इंगले सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।