कलेक्टर राखी सहाय ने विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर लक्ष्यों की पूर्ति के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष चर्चा की
एवीएस न्यूज.उमरिया/ भोपाल
कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कौशल विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कौशल विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए लक्ष्यों की पूर्ति के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष चर्चा की गई।
बैठक में आईटीआई में प्रवेश, प्लेसमेंट की कार्ययोजना तथा प्रशिक्षण के बाद कैरियर के अवसरों को और अधिक प्रभावी बनाने पर विचार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयास लगातार जारी हैं।
एमएमएसकेवाय योजना की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि अब तक 37 व्यक्तियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। साथ ही संस्थान स्तर पर विभिन्न कंपनियों द्वारा प्लेसमेंट ड्राइव और “युवा संगम” के माध्यम से चयन प्रक्रिया भी की जा रही है।
बैठक में यह भी बताया गया कि संजय गांधी थर्मल पावर स्टेशन में 57 प्रशिक्षणार्थी वर्तमान में कार्यरत हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना एवं पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत 57 व्यक्तियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कौशल विकास योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि जिले के अधिक से अधिक युवा इन योजनाओं से जुड़कर रोजगार प्राप्त कर सकें।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, अपर कलेक्टर पी.के. सेनगुप्ता, संयुक्त कलेक्टर रीता डेहरिया, अमित सिंह, एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी, एसडीएम बांधवगढ़ अंबिकेश प्रताप सिंह, एसडीएम पाली मीनाक्षी इंगले, डिप्टी कलेक्टर कमलेश नीरज, प्रत्युष श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश, मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर
कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों और जनहित से जुड़ी शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री निवास, आयुक्त शहडोल संभाग कार्यालय, जनसुनवाई, न्यायालयीन प्रकरणों, मानवाधिकार आयोग से प्राप्त पत्रों एवं फैक्ट न्यूज मामलों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि नाव संचालन वाले घाटों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा नाव संचालकों द्वारा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
उन्होंने पटाखा निर्माण एवं भंडारण स्थलों के निरीक्षण के भी निर्देश दिए और कहा कि जहां सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाए, वहां संबंधित लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जाए।
बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग प्रमुख नियमित रूप से कार्यों की मॉनिटरिंग करें, अन्यथा गुणवत्ताहीन निर्माण की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की मानी जाएगी।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकाल को देखते हुए पेयजल संबंधी शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा अधिकारी फील्ड में जाकर समस्याओं का समाधान करें।
जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूलों में पानी की टंकियों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही “वॉश एंड व्हील” योजना के तहत सशुल्क सेवा के माध्यम से स्वच्छता कार्यों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।






