मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ में जियो का बड़ा रिकॉर्ड , 5 करोड़ मोबाइल ग्राहक के करीब, ब्रॉडबैंड 20 लाख पार
एवीएस न्यूज..भोपाल
रिलायंस जियो ने मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ टेलीकॉम सर्किल में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कंपनी के मोबाइल ग्राहकों की संख्या 5 करोड़ के करीब पहुंच गई है, जबकि ब्रॉडबैंड उपभोक्ताओं का आंकड़ा 20.3 लाख से अधिक हो गया है।
टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) की अप्रैल 2026 रिपोर्ट के अनुसार, जियो इस क्षेत्र में अपनी अग्रणी स्थिति बनाए हुए है। रिपोर्ट में बताया गया है कि अप्रैल महीने में अकेले मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ में जियो से 3.5 लाख नए मोबाइल ग्राहक जुड़े। इसी अवधि में एयरटेल से लगभग 1 लाख और बीएसएनएल से करीब 10 हजार नए उपभोक्ता जुड़े।
सर्किल में कुल मोबाइल ग्राहकों की संख्या 8.6 करोड़ से अधिक दर्ज की गई है।
बाजार हिस्सेदारी के लिहाज से भी जियो का दबदबा कायम है, जहां मोबाइल सेवाओं में कंपनी की हिस्सेदारी 58.1 प्रतिशत और ब्रॉडबैंड सेवाओं में लगभग 61 प्रतिशत तक पहुंच गई है।ग्राहकों की बढ़ती डिजिटल जरूरतों को देखते हुए कंपनी अपने 5G नेटवर्क का लगातार विस्तार कर रही है। जियो के 5G नेटवर्क पर डेटा ट्रैफिक में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।
हाल ही में रायपुर में आयोजित आईपीएल मैचों के दौरान भी भारी ट्रैफिक के बावजूद नेटवर्क और जियोहॉटस्टार सेवाओं का प्रदर्शन सुचारू रहा।
ब्रॉडबैंड सेवाओं में भी कंपनी का विस्तार तेज गति से जारी है। जियोफाइबर और जियो एयरफाइबर सेवाएं अब मप्र-छत्तीसगढ़ के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक रूप से उपलब्ध हैं। इसी के चलते अप्रैल में 31.5 हजार से अधिक नए ग्राहकों ने जियो ब्रॉडबैंड सेवाएं अपनाईं।
कंपनी ने ग्राहकों के लिए नए एंटरटेनमेंट पैक भी पेश किए हैं, जिनके तहत मात्र 200 रुपए में 15 ओटीटी प्लेटफॉर्म्स, 1000 से अधिक टीवी चैनल और 30 जीबी डेटा की सुविधा दी जा रही है। इसके साथ ही व्यवसायों के लिए मैनेज्ड वाई-फाई समाधान भी उपलब्ध कराया गया है, जिसमें शुरुआती निवेश या महंगे उपकरणों की आवश्यकता नहीं होती। डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते उपयोग को देखते हुए जियो का क्लाउड-आधारित कंप्यूटिंग समाधान ‘जियोपीसी’ भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
कंपनी अपने 5जी उपयोगकर्ताओं को 500 जीबी तक क्लाउड स्टोरेज सुविधा भी प्रदान कर रही है, जो छात्रों और पेशेवरों के लिए उपयोगी साबित हो रही है। कंपनी के अनुसार, उपभोक्ताओं की बढ़ती डिजिटल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नेटवर्क और सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है।


