एसडीएम हरनीत कौर ने ग्राम रक्सा में एक मकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध ईंधन जब्त किया
दुकानदार का बहाना, बोला- 165 लीटर ड्रमों में भरा डीजल ट्रैक्टर के लिए रखा
एवीएस न्यूज. भोपाल
उमरिया के मानपुर में प्रशासन ने अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल बेचने वालों पर कार्रवाई की है। एसडीएम हरनीत कौर ने ग्राम रक्सा में एक मकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध ईंधन जब्त किया।
एसडीएम को सूचना मिली थी कि नत्थू लाल जायसवाल के घर से चोरी-छिपे पेट्रोल-डीजल बेचा जा रहा है। जब टीम मौके पर पहुंची, तो उनका बेटा अंकुश जायसवाल बंद दुकान के भीतर से गैरकानूनी तरीके से ईंधन की बिक्री करते हुए पाया गया। पूछताछ में उसने बहाना बनाया कि डीजल ट्रैक्टर के लिए रखा है, लेकिन जांच में बिक्री के पुख्ता सबूत मिले।
प्रशासन की टीम को मौके से भारी मात्रा में ईंधन मिला
कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम को मौके से भारी मात्रा में ईंधन मिला। इसमें डीजल से भरी 25-25 लीटर की तीन केन, 60 लीटर की एक केन, 30 लीटर की एक केन और पेट्रोल की दो कुप्पियां शामिल हैं। टीम ने तीन खाली केन भी जब्त की हैं।
अवैध स्टॉक और बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी
पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे सामान को जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया है। एसडीएम ने साफ चेतावनी दी है कि इलाके में पेट्रोल-डीजल का अवैध स्टॉक और बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में भी ऐसी जगहों पर लगातार छापेमारी जारी रहेगी।






