एवीएस न्यूज..भोपाल 
उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने राजधानी के दो प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए हैं। कलेक्टर भोपाल के निर्देशन और अभिहित अधिकारी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पहले मामले में सीएम हेल्पलाइन शिकायत क्रमांक 38770596 के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पिज्जा हट (द सफायर फूड्स प्राइवेट लिमिटेड), होशंगाबाद रोड, बाग सेवनिया, भोपाल का निरीक्षण किया। शिकायत में बताया गया था कि स्विगी के माध्यम से मंगाए गए पास्ता का सेवन करने के बाद एक बच्चे के होंठ और गाल पर सूजन आ गई।


शिकायत की जांच के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठान से पास्ता के साथ-साथ उसे तैयार करने में उपयोग होने वाले व्हाइट बेस, चीज और चीज स्प्रेड के नमूने लिए। सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही प्रतिष्ठान को नोटिस जारी कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।वहीं, दूसरे मामले में आनंदम रेस्टोरेंट, लालघाटी चौराहा, भोपाल के खिलाफ लस्सी में कीड़ा मिलने की शिकायत प्राप्त हुई थी।

शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और वहां से लस्सी, दही, सोया चाप, पनीर और बेसन सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


यह कार्रवाई संयुक्त दल द्वारा की गई, जिसमें खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक, पंकज श्रीवास्तव, अरुणेश कुमार पटेल और श्रीमती साधना सक्सेना शामिल रहे। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता या सुरक्षा से जुड़ी किसी भी शिकायत की जानकारी तत्काल सीएम हेल्पलाइन, एफएसएसएआई फूड सेफ्टी कनेक्ट पोर्टल या स्थानीय खाद्य सुरक्षा कार्यालय को दें, ताकि समय पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।