80 हजार से अधिक घरों तक पीएनजी की पहुंच, 8 से ज्यादा रिहायशी सोसायटियां बनीं एलपीजी-फ्री जोन


एवीएस न्यूज.भोपाल


 सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन क्षेत्र की अग्रणी कंपनी थिंक गैस ने भोपाल और राजगढ़ में अपने प्राकृतिक गैस नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया है। कंपनी ने लगभग 100 किलोमीटर स्टील पाइपलाइन चालू कर दी है, जबकि कुल 206 किलोमीटर पाइपलाइन नेटवर्क का विकास कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही पीई पाइपलाइन का व्यापक नेटवर्क भी तैयार किया गया है, जिससे 80 हजार से अधिक घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की पहुंच सुनिश्चित हुई है।

उक्त जानकारी गुरूवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में थिंक गैस के भोपाल एवं शिवपुरी जीए के रीजनल हेड डीएस दुर्गेश ने दी।  इस मौके पर थिंक गैस के वाइस प्रेसीडेंट अमूल्य कुलकर्णी, ब्रम्हानंद तिवारी, शलभ शर्मा, मनीष विश्वकर्मा और आशुतोष गौतम मौजूद थे। 


इस मौके पर डीएस दुर्गेश कहा कि कंपनी कुछ महीनों में 6,000 नए घरेलू पीएनजी कनेक्शन प्रदान करने की योजना पर कार्य कर रही है। इसके अलावा 25 से अधिक नए औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को भी नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।

वर्तमान में कंपनी इस क्षेत्र में 42 सीएनजी स्टेशन संचालित कर रही है, जिनमें बगरोदा स्थित एक एलसीएनजी स्टेशन भी शामिल है। आने वाले छह महीनों में नए सीएनजी स्टेशन शुरू करने तथा मौजूदा स्टेशनों के उन्नयन की योजना है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय तथा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) के सहयोग से थिंक गैस भोपाल और राजगढ़ क्षेत्र में घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और उद्योगों तक स्वच्छ, सुरक्षित और भरोसेमंद ऊर्जा पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है।

कंपनी के पास वर्तमान में 43,000 से अधिक स्थापित पीएनजी कनेक्शन हैं, जिनमें से 29,139 उपभोक्ताओं को नियमित गैस आपूर्ति शुरू की जा चुकी है। इसके अलावा कंपनी 117 व्यावसायिक और 49 औद्योगिक उपभोक्ताओं को भी सेवाएं प्रदान कर रही है।


 कंपनी की एक महत्वपूर्ण पहल एलपीजी-फ्री जोन है 
नेटवर्क विस्तार के तहत बगरोदा औद्योगिक क्षेत्र, गोविंदपुरा, अचारपुरा और पीलूखेड़ी जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों तक भी पीएनजी नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। कंपनी की एक महत्वपूर्ण पहल एलपीजी-फ्री जोन है, जिसे उन क्षेत्रों में लागू किया जाता है जहां पीएनजी नेटवर्क पूरी तरह स्थापित हो चुका है।

भोपाल की 8 से अधिक रिहायशी सोसायटियों को पहले ही एलपीजी-फ्री जोन घोषित किया जा चुका है और आने वाले समय में कई अन्य सोसायटियों को भी इसमें शामिल किए जाने की संभावना है।


इस पहल के तहत किसी घर में पीएनजी कनेक्शन सक्रिय होने के बाद परिवार को अपने एलपीजी कनेक्शन को सरेंडर करने के लिए 30 दिन का समय दिया जाता है। यह प्रक्रिया एलपीजी कंपनियों के पोर्टल या मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन पूरी की जा सकती है।

इसके अतिरिक्त मायपीएनजीडॉट इन के जरिए भी आवेदन किया जा सकता है, जहां डिस्ट्रीब्यूटर घर से सिलेंडर संग्रहण की सुविधा उपलब्ध कराता है। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि थिंक गैस घर-घर तक पीएनजी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन कनेक्टिविटी, मीटर एवं प्रेशर कंट्रोल सिस्टम, डिजिटल ग्राहक पंजीकरण सुविधाओं तथा सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बना रही है।

इसके साथ ही कंपनी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए), बिल्डरों, वाहन डीलरों, सीएनजी किट फिटमेंट केंद्रों, फ्लीट ऑपरेटरों और विभिन्न संस्थानों के साथ मिलकर जागरूकता अभियान भी चला रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग सीएनजी और पीएनजी को अपनाएं।