बीएचईएल भोपाल में 24 लाख लीटर क्षमता वाले नवीनीकृत जलाशय का उद्घाटन
जल संरक्षण एवं संसाधनों के सतत उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
एवीएस न्यूज, भोपाल।
भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल में 24 लाख लीटर क्षमता वाले नवीनीकृत जलाशय का उद्घाटन शनिवार, 29 अगस्त 2026 को श्री प्रदीप कुमार उपाध्याय, कार्यपालक निदेशक, बीएचईएल, भोपाल द्वारा किया गया।
बीएचईएल, भोपाल के एफसीएक्स विभाग द्वारा पुराने एवं क्षतिग्रस्त जलाशय के व्यापक मरम्मत, पुनर्वास एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य नवीनतम तकनीक तथा गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग से सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। इस कार्य के अंतर्गत जलाशय की संरचनात्मक मजबूती बढ़ाने के साथ-साथ लंबे समय से बनी हुई जल रिसाव (लीकेज) की समस्या का भी प्रभावी समाधान किया गया है।
नवीनीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के पश्चात जलाशय की उपयोगिता तथा जल भंडारण की विश्वसनीयता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इससे जल की बर्बादी को कम करने के साथ-साथ संयंत्र में जल की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी। यह कार्य जल संरक्षण तथा उपलब्ध संसाधनों के बेहतर एवं सतत उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उद्घाटन समारोह में श्री राजेश अग्रवाल, महाप्रबंधक (एसओएम), श्री एच. आर. पटेल, महाप्रबंधक (मानव संसाधन), श्री आशीष औरंगाबादकर, महाप्रबंधक (डब्ल्यूईएक्स एवं एमओडी) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जल संरक्षण तथा संयंत्र में उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। नवीनीकृत जलाशय बीएचईएल, भोपाल में जल प्रबंधन को अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रयासों को भी गति प्रदान करेगा।


