बिरला सीएसआर ने बढ़ाया बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए मदद हाथ
एवीएस न्यूज . भोपाल
बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने और प्रभावित क्षेत्रों में पुनव्र्यवस्था के कार्यों में सहयोग के उद्देश्य से बिरला कॉरपोरेट लिमिटेड (बीसीएल) के सीएसआर विभाग की ओर से राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई।
इस पहल के तहत जरूरतमंद परिवारों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने के साथ-साथ बाढ़ के बाद साफ-सफाई और पुनर्व्यवस्था के लिए जरूरी उपकरण भी उपलब्ध कराए गए। राहत अभियान के तहत 300 बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए सूखी खाद्य सामग्री और पेयजल की बोतलों की व्यवस्था की गई।
आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावित परिवारों के अस्थायी आवास और सुरक्षा के लिए 10 त्रिपाल भी उपलब्ध कराए गए। बाढ़ के बाद प्रभावित क्षेत्रों में मलबा और गंदगी हटाने तथा स्वच्छता कार्यों को गति देने के लिए 100 फावड़े और 100 बेलचे प्रदान किए गए। इन उपकरणों का उपयोग प्रभावित इलाकों में साफ-सफाई और पुनर्व्यवस्था के कार्यों में किया जाएगा।
राहत सामग्री चित्रकूट विकास प्राधिकरण/बाढ़ सहायता केंद्र में उपलब्ध कराई गई, ताकि जरूरतमंद और प्रभावित परिवारों तक सामग्री व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाई जा सके।
इस दौरान बीसीएल एडमिन हेड राघवेंद्र सिंह, बीसीएल सीएसआर से विजय चौबे, कुलदीप द्विवेदी और अमित सिंह सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बीसीएल की इस पहल को आपदा की घड़ी में प्रभावित परिवारों की सहायता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है।


