एवीएस न्यूज ..भोपाल 
शिक्षक दिवस के अवसर पर भारती एयरटेल फाउंडेशन ने अपने डिजिटल शिक्षक-विकास प्लेटफॉर्म द टीचर ऐप के देशभर में करीब 3 लाख उपयोगकर्ताओं तक पहुंचने की घोषणा की है। आजीवन नि:शुल्क उपलब्ध यह प्लेटफॉर्म शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, डिजिटल संसाधनों और एआई आधारित उपकरणों से जोडऩे का काम कर रहा है।

द टीचर ऐपपर 4,000 से अधिक घंटे की सीखने की सामग्री और 45 से अधिक एआई-संचालित शिक्षण उपकरण उपलब्ध हैं। प्लेटफॉर्म सरकारी और संस्थागत साझेदारियों के माध्यम से 36 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में शिक्षक-विकास को बढ़ावा दे रहा है। भारती एयरटेल फाउंडेशन ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड की सरकारों के साथ साझेदारी कर राज्य स्तरीय सतत व्यावसायिक विकास  कार्यक्रमों को सहयोग दिया है। इसके अलावा नीति आयोग के सहयोग से 12 आकांक्षी जिलों में भी शिक्षक विकास पर काम किया जा रहा है। इन पहलों में आधारभूत साक्षरता, डिजिटल दक्षता और कक्षा प्रबंधन जैसे विषयों पर विशेष जोर है।

द टीचर ऐप को नवंबर 2024 में राष्ट्रीय शिक्षा नीति  2020 के अनुरूप शिक्षकों के सतत व्यावसायिक विकास के लिए शुरू किया गया था। प्लेटफॉर्म पर छोटे पाठ्यक्रम, वेबिनार और पॉडकास्ट उपलब्ध हैं, जिससे शिक्षक अपनी सुविधा के अनुसार सीखने की गतिविधियों को पूरा कर सकते हैं।


 एआई और डिजिटल तकनीक पर जोर
प्लेटफॉर्म शिक्षकों को कक्षा की बदलती जरूरतों के अनुसार तैयार करने के साथ-साथ एआई तकनीक के व्यावहारिक इस्तेमाल पर भी जोर देता है। जम्मू-कश्मीर में एससीईआरटी के नेतृत्व वाले सीपीडीकार्यक्रमों, उत्तर प्रदेश में शिक्षक व्यावसायिक विकास, तेलंगाना में एआई-सक्षम सीखने और राजस्थान में आरएससीईआरटी एवं डीआईईटी के साथ एक्शन रिसर्च क्षमता निर्माण जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।जम्मू-कश्मीर के आर्मी गुडविल स्कूलों के शिक्षकों के सहयोग के लिए भारतीय सेना की उत्तरी कमान के साथ भी साझेदारी की गई है।

वहीं उत्तराखंड और नागालैंड में भी शिक्षक-विकास से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। भारती एयरटेल फाउंडेशन के अनुसार, वर्ष 2000 से अब तक उसके शिक्षा संबंधी कार्यक्रमों का प्रभाव 43 लाख से अधिक विद्यार्थियों, 37,000 से अधिक स्कूलों और 25,000 से अधिक गांवों तक पहुंचा है।

सत्य भारती स्कूल कार्यक्रम के तहत 34,500 से अधिक विद्यार्थियों और 1,200 से अधिक शिक्षकों को जोड़ा गया है। वहीं क्वालिटी सपोर्ट प्रोग्राम के जरिए 13 राज्यों के 1,200 सरकारी स्कूलों में 4.45 लाख से अधिक विद्यार्थियों और 17,900 से अधिक शिक्षकों तक पहुंच बनाई गई है। क्वालिटी सपोर्ट प्रोग्राम की स्टेट पार्टनरशिप के माध्यम से स्कूल सुधार की कार्यप्रणालियों का विस्तार अब तक 28 लाख से अधिक विद्यार्थियों, 33,000 स्कूलों और 1.54 लाख शिक्षकों तक किया जा चुका है।

भारती एयरटेल फाउंडेशन के सह-अध्यक्ष एवं भारती एंटरप्राइजेज के उपाध्यक्ष राकेश भारती मित्तल ने कहा कि भारत की विकास यात्रा में शिक्षक केंद्रीय भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि द टीचर ऐप के जरिए शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण सीखने की सामग्री, व्यावहारिक संसाधन, तकनीक और संस्थागत सहयोग एक ही मंच पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।