ऑल इंडिया दाल मिल एसो. ने कहाकि दलहन उड़द, मसूर को मंडी शुल्क से मुक्त करें
वित्त मंत्री देवड़ा ने किया दाल, अनाज और अन्य खाद्यान्नों की प्रसंस्करण की आधुनिक एवं नई टेक्नोलॉजी की मशीनों का अवलोकन
एवीएस न्यूज.. भोपाल
ऑल इंडिया दाल मिल एसोसिएशन के तत्वावधान में दाल, अनाज की अति आधुनिक मशीनरी की तीन दिवसीय एक्जीबिशन ग्रेनेक्स इंडिया का आयोजन के दूसरे दिन सांसद शंकर लालवानी और मध्यप्रदेश शासन के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने पहुंचे और प्रदर्शिनी का अवलोकन किया।
ऑल इंडिया दाल मिल एसोसिएशन के तत्वावधान में दाल और सभी प्रकार की दाल, खाद्यान्नों एवं मसालो के प्रसंस्करण की नवीनतम एवं आधुनिक टेक्नोलॉजी की मशीनरी की एक्ज़ीबिशन का यह अनूठा आयोजन हो रहा है। इस मौके पर एसोसिएशन ऑफ पल्सेस के सचिव मुन्नालाल बंसल एवं इंदौर दाल मिल एसोसिएशन के सचिव उत्तमराज कटारिया, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, सौरभ राठी एवं विजय लाहोटी, पूर्व सांसद कृष्णमुरारी मोघे और संस्था के प्रचार सचिव अनुग्रह जैन (जबलपुर) मौजूद रहे।
इस दरमियान ऑल इंडिया दाल मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने उपमुख्यमंत्री को प्रदर्शिनी में शामिल राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मशीनरी निर्माता कंपनियों और उनके उत्पादों की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। साथ ही अवगत कराया कि आधुनिक मशीनों की खरीदी पर 18 फीसदी जीएसटी है, जिससे उनकी कीमतें बहुत अधिक हो जाती है, अत: कृषि आधारित उद्योगों द्वारा खरीदी जाने वाली मशीनों पर जीएसटी कम किया जाए।
इसे साथ ही मांग की, कि मध्यप्रदेश में दाल इंडस्ट्रीज द्वारा दाल बनाने के लिए मध्यप्रदेश के बाहर से मंगाए जाने वाले दलहन-उड़द, मसूर पर मंडी शुल्क लग रहा है, इसे मंडी शुल्क से मुक्त किया जाना चाहिए, क्योंकि मध्यप्रदेश में जो दलहन दाल बनाने के लिए मंगाया जाता है, उस पर पहले ही मंडी शुल्क चुका दिया जाता है, मध्यप्रदेश में आने पर दुबारा मंडी शुल्क लिया जाता है, जिससे दोहरा करारोपण हो रहा है।

