एवीएस न्यूज .भोपाल 
 भोपाल टैक्स प्रैक्टिशनर एसोसिएशन की ओर से होटल निसर्ग, जोन-1, भोपाल में आयकर अधिनियम-2025 के नवीन संशोधनों को लेकर विशेष परिचर्चा आयोजित की गई। इसमें आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) और टैक्स प्रैक्टिशनरों ने भाग लिया। परिचर्चा में नए आयकर प्रावधानों, उनकी उपयोगिता, करदाताओं पर पड़ने वाले प्रभाव और उनके अनुपालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। व्यापार जगत के प्रतिनिधियों ने नए संशोधनों का स्वागत करते हुए छोटे व्यापारियों के लिए सरल दिशा-निर्देश और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की।

 

कार्यक्रम की शुरुआत भोपाल टैक्स प्रैक्टिशनर एसोसिएशन के अध्यक्ष मुनिन्द्र वैद्य ने की। उन्होंने उपस्थित सभी व्यापारिक एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस परिचर्चा का उद्देश्य व्यापारियों को नए आयकर प्रावधानों की सही जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर आयकर विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपनी जिज्ञासाएं और समस्याएं खुलकर रखें, ताकि उनका समाधान किया जा सके।

उन्होंने विशेष रूप से विदेशी परिसंपत्तियों (फॉरेन एसेट्स) को लेकर व्यापारियों और करदाताओं के बीच बनी जिज्ञासाओं का उल्लेख किया। इस विषय पर उपस्थित लोगों ने आयकर अधिकारियों से विभिन्न प्रश्न पूछे और महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। परिचर्चा में बताया गया कि छोटे करदाताओं के लिए विदेशी परिसंपत्ति प्रकटीकरण योजना-2026 के अंतर्गत जानकारी देने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 है।

कर प्रणाली को सरल और पारदर्शी बनाना उद्देश्य

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रधान आयकर आयुक्त, भोपाल श्रीमती सृजनी मोहंती (आईआरएस) ने कहा कि आयकर अधिनियम-2025 में किए गए नए संशोधनों का प्रमुख उद्देश्य कर प्रणाली को अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है। इससे ईमानदार करदाताओं को राहत मिलेगी और कर संबंधी प्रक्रियाओं को समझना तथा उनका पालन करना आसान होगा। उन्होंने व्यापारियों से नए प्रावधानों की जानकारी लेकर समय पर उनका अनुपालन करने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि संयुक्त आयकर आयुक्त, रेंज-1  सौरभ शर्मा (आईआरएस) ने नए संशोधनों की बारीकियों को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि आयकर विभाग व्यापारिक संगठनों और करदाताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करके काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। विभाग का प्रयास रहेगा कि व्यापारियों को नए प्रावधानों को समझने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कार्यक्रम संयोजक आयकर अधिकारी आशीष मोदगिल ने कहा कि नए आयकर प्रावधानों को लेकर किसी भी प्रकार की शंका या जिज्ञासा होने पर करदाता और व्यापारी विभाग से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि विभाग उनकी समस्याओं और प्रश्नों के समाधान के लिए उपलब्ध रहेगा।

 

व्यापारिक संगठनों ने किया संशोधनों का स्वागत :  तेजकुपाल सिंह पाली 

परिचर्चा में पूर्व अध्यक्ष भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स  तेजकुलपाल सिंह पाली ने कहा कि आयकर अधिनियम में किए गए नए संशोधन व्यापार जगत के लिए स्वागत योग्य हैं। हालांकि छोटे व्यापारियों को नए नियमों का पालन करने में सुविधा हो, इसके लिए आयकर विभाग को सरल भाषा में दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी जितनी सरल होगी, उसका अनुपालन भी उतना ही बेहतर होगा।

भारत व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष   रामेश्वर अग्रवाल ने कहा कि भारत व्यापार मंडल नए संशोधनों का समर्थन करता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जिस प्रकार वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को लेकर व्यापारियों के बीच जागरूकता अभियान चलाए गए, उसी तरह आयकर के नए प्रावधानों को लेकर भी व्यापक जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएं। इससे छोटे और मध्यम व्यापारियों को नियमों की जानकारी मिल सकेगी और वे अनजाने में होने वाली गलतियों से बच सकेंगे।

भारत व्यापार मंडल के अधिवक्ता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष   धीरज अग्रवाल ने कहा कि नए आयकर नियमों की सही जानकारी प्रत्येक व्यापारी तक पहुंचाना जरूरी है। अधिवक्ता प्रकोष्ठ इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को अनावश्यक पेनल्टी से बचाने के लिए टैक्स प्रैक्टिशनरों और अधिवक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

होशंगाबाद रोड व्यापारी संघ के अध्यक्ष समर सिंह भदौरिया ने कहा कि क्षेत्र के व्यापारी नए आयकर नियमों का पालन करने के लिए तैयार हैं, लेकिन विभाग को भी जमीनी स्तर पर पहुंचकर छोटे दुकानदारों को नए प्रावधानों की जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों की ओर से सीधे व्यापारियों से संवाद करने से उनकी शंकाओं का समाधान आसानी से हो सकेगा।

कैटरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष   रामबाबू शर्मा ने कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों के लिए नए बिलिंग और ऑडिट नियमों पर अलग से कार्यशाला आयोजित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यवसाय की प्रकृति अलग होती है, इसलिए संबंधित कारोबारियों को उनके व्यवसाय के अनुसार नियमों की जानकारी देना उपयोगी होगा।

 अक्षय सिंह श्रीवुड ने कहा कि इस प्रकार के संवाद और परिचर्चा कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए। इससे व्यापारियों को समय-समय पर बदलते नियमों और नई व्यवस्थाओं की जानकारी मिलती है तथा वे अपने कारोबार का संचालन बेहतर तरीके से कर पाते हैं।

पूर्व अध्यक्ष टेक्सला बार एसोसिएशन   मृदुल आर्य ने कहा कि एसोसिएशन की ओर से नए आयकर अधिनियम का विधिक विश्लेषण कर व्यापारियों को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने नए संशोधनों में अपील प्रक्रिया को सरल बनाए जाने को स्वागतयोग्य कदम बताया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को कानूनी प्रावधानों की सही जानकारी होना जरूरी है, ताकि वे समय रहते अपने अधिकारों और दायित्वों को समझ सकें।

व्यापारियों और कर विशेषज्ञों की रही बड़ी भागीदारी

कार्यक्रम की अध्यक्षता भोपाल टैक्स प्रैक्टिशनर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री मुनिन्द्र वैद्य ने की। अंत में एसोसिएशन के सचिव  प्रशांत काबरा ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, चार्टर्ड अकाउंटेंट, अधिवक्ता और टैक्स प्रैक्टिशनर उपस्थित रहे। परिचर्चा के माध्यम से आयकर विभाग और व्यापार जगत के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ। इसमें इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि नए आयकर कानूनों की जानकारी सरल भाषा में आम करदाताओं तक पहुंचाई जाए, जिससे पारदर्शिता बढ़े, अनुपालन आसान हो और व्यापारियों को अनावश्यक कानूनी एवं आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।