एवीएस न्यूज.मुंबई 
अमेजन पे और कोटक महिंद्रा बैंक ने एकल स्वामित्व वाले कारोबारियों (प्रोपराइटर्स) और छोटे व्यवसायों के लिए अमेज़न पे कोटक बिजनेस क्रेडिट कार्ड पेश करने की घोषणा की है। यह कार्ड अमेजन बिजनेस पर रजिस्टर्ड पात्र यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा। कंपनी के मुताबिक, कार्ड का उद्देश्य छोटे कारोबारियों को उनकी कारोबारी खरीदारी के लिए आसान क्रेडिट, कैशबैक और बेहतर कैश फ्लो की सुविधा देना है।


खरीदारी पर 5 फीसदी तक कैशबैक
कार्डधारकों को अमेजन बिजनेस पर पात्र खरीदारी और फ्लाइट-होटल बुकिंग पर प्राइम सदस्यों के लिए 5फीसदी तक कैशबैक मिलेगा। वहीं, गैर-प्राइम सदस्यों को 3 फीसदी कैशबैक मिलेगा, जो मासिक क्रेडिट लिमिट के 5फीसदी तक सीमित होगा। अमेज़न पे से बिल भुगतान और रिचार्ज पर 2फीसदी, जबकि अन्य खर्चों पर 1फीसदी कैशबैक दिया जाएगा।


कार्ड में 48 दिन तक की ब्याज-मुक्त क्रेडिट अवधि और पात्र खरीदारी पर 3 महीने की नो-कॉस्ट ईएमआई की सुविधा भी होगी। कार्ड की जॉइनिंग फीस शून्य है, जबकि सालाना फीस टैक्स सहित 499 रुपए रखी गई है। अमेजन से बाहर सालाना 3 लाख रुपये का पात्र खर्च करने पर यह सालाना फीस माफ की जा सकती है।


डिजिटल तरीके से होगा आवेदन
अमेजन बिजनेस पर रजिस्टर्ड छोटे कारोबारी अमेजन बिजनेस के जरिए कार्ड के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी और कंपनी के अनुसार इसमें कम दस्तावेजों की जरूरत होगी। पात्र आवेदकों को कुछ ही मिनटों में क्रेडिट संबंधी निर्णय मिलने की सुविधा दी जाएगी।


छोटे कारोबारियों पर फोकस
अमेज़न पे इंडिया में डायरेक्टर, क्रेडिट एंड लेंडिंग मयंक जैन ने कहा कि अमेजन बिजनेस के ग्राहकों में करीब 70 फीसदी हिस्सा एकल स्वामित्व वाले और छोटे कारोबारियों का है। उन्होंने कहा कि कार्ड को छोटे कारोबारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, ताकि उन्हें खरीदारी पर पारदर्शी रिवॉर्ड और क्रेडिट की सुविधा मिल सके। कोटक महिंद्रा बैंक में हेड-क्रेडिट कार्ड्स फ्रेडरिक डिसूजा ने कहा कि छोटे कारोबारियों के लिए कैश फ्लो बेहद महत्वपूर्ण है। कार्ड में ब्याज-मुक्त क्रेडिट अवधि, बड़ी खरीदारी पर नो-कॉस्ट ईएमआई और कारोबारी खर्च पर कैशबैक जैसी सुविधाएं दी गई हैं।


  एडब्ल्यूएस  क्रेडिट का भी ऑफर
छोटे कारोबारियों के लिए एआई सेवाओं, क्लाउड कंप्यूटिंग और डेटा स्टोरेज से जुड़ी एडब्ल्यूएस सेवाओं पर क्रेडिट का ऑफर भी रखा गया है। कंपनियों का कहना है कि डिजिटल खरीदारी और व्यवस्थित वित्तीय प्रक्रियाओं को अपनाने वाले छोटे कारोबारियों के लिए यह कार्ड खर्चों को बेहतर तरीके से मैनेज करने में मददगार हो सकता है।