अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय ने 2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू की
बेंगलुरु। अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक वर्ष 2026 के लिए अपने बेंगलुरु और भोपाल कैम्पस में स्नातक और स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय की स्थापना न्यायसंगत, समतापरक, मानवीय और टिकाऊ समाज की रचना के स्पष्ट सामाजिक उद्देश्य से की गई है। अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय में पढ़ाए जाने वाले प्रोग्रैम्स विषय की गहरी व व्यापक समझ और ज़मीनी स्तर के अनुभवों के साथ-साथ सामाजिक प्रतिबद्धता का भी अहसास कराते हैं।
विश्वविद्यालय के कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों को एक विशिष्ट शैक्षणिक अनुभव प्रदान करना है, जहाँ उन्हें प्रश्न पूछने, सहयोग करने और अपने सीखने को वास्तविक जीवन की चुनौतियों पर लागू करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। कठोर अकादमिक प्रशिक्षण और व्यापक अनुसंधान अवसरों के माध्यम से छात्र मानविकी, विज्ञान, शिक्षा, विकास, स्वास्थ्य और स्थिरता जैसे विविध विषयों में मजबूत आधार प्राप्त करते हैं। विश्वविद्यालय की शिक्षण पद्धति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा सामुदायिक और संस्थागत स्तर पर क्षेत्रीय अनुभव है, जो छात्रों को सिद्धांत और व्यवहार को जोड़ने तथा सार्थक करियर की तैयारी करने में सक्षम बनाता है।
अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय एडमिशन के हेड और प्राध्यापक मणिकंदन वी. ने कहा, “अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय में शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपने उद्देश्य की खोज करने की प्रक्रिया है। हमारे स्नातक और स्नातकोत्तर दोनों स्तरों के कार्यक्रम इस प्रकार तैयार किए गए हैं कि वे छात्रों को आलोचनात्मक रूप से सोचने, दुनिया से गहराई से जुड़ने और समाज में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित करें। चाहे आप अपनी शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत कर रहे हों या अपने पूर्व ज्ञान को आगे बढ़ाना चाहते हों, हम आपको ऐसे समुदाय का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करते हैं , जहाँ सीखने का मतलब है— प्रश्न करना, कार्य करना और परिवर्तन लाना।”
अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय एजुकेशन, डेवलपमेंट, अर्थशास्त्र, स्वास्थ्य और सस्टेनब्लिटी विषय में स्नातकोत्तर (पोस्ट-ग्रैजुएशन) प्रोग्रैम में आवेदन आमंत्रित कर रहा है। साथ ही विज्ञान, मानविकी और समाज विज्ञान में स्नातक (ग्रैजुएशन) प्रोग्रैम के लिए आवेदन आमंत्रित कर रहा है।
आवेदन अब विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं।
अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय के बारे में
अज़ीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी, बेंगलूरु की स्थापना कर्नाटक सरकार के ‘अज़ीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी एक्ट 2010’ के तहत की गई थी। अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय, भोपाल की स्थापना ‘मध्य प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (स्थापना एवं संचालन) द्वितीय संशोधन अधिनियम, 2022’ के प्रावधानों के तहत की गई थी।
अज़ीम प्रेमजी फ़ाउंडेशन ने बेंगलूरु और भोपाल में अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय की स्थापना पूर्ण रूप से परोपकारी और लाभ निरपेक्ष संस्था के रूप में की है। विश्वविद्यालय, न्यायसंगत, समतापरक, मानवीय और टिकाऊ समाज की रचना के स्पष्ट सामाजिक उद्देश्य से काम कर रहा है।

