एवीएस न्यूज.भोपाल


एक अनोखी और अपने तरह की पहली CSR पहल के तहत, कृषि क्षेत्र की अग्रणी कंपनी सिंजेंटा इंडिया मध्य प्रदेश में दिव्यांगजनों के लिए 650 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा रही है। इन ट्राइसाइकिल का पहला बैच रविवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन में आयोजित 'उन्नत कृषि महोत्सव 2026' के दौरान वितरित किया।
इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "भारत सरकार किसानों और समाज के वंचित वगों, खासकर दिव्यांगजनों से जुड़े मुद्दों पर लगातार काम कर रही है।

उन्हें चलने-फिरने की सुविधा देना, सम्मानजनक जीवन, समावेश और आत्मनिर्भरता की दिशा में बहुत बड़ा कदम है। में सिंजेंटा इंडिया को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई देता हूं, जो किसानों के लिए भी कई महत्वपूर्ण काम कर रही है और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।"
उन्होंने यह भी बताया कि मध्य प्रदेश में, खासकर उनके संसदीय क्षेत्र विदिशा में, दिव्यांगजनों की मोबिलिटी बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये ट्राइसाइकिल सिर्फ आने-जाने का साधन नहीं है, बल्कि आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम भी हैं- जिससे लाभार्थी रोजगार से जुड़ सकते हैं, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों में भाग ले सकते हैं और आत्मसम्मान के साथ जीवन जी सकते हैं।


सिंजेंटा इंडिया के कार्यवाहक मैनेजिंग डायरेक्टर और हेड ऑफ मार्केटिंग विवेक शर्मा ने कहा, "सिंजेंटा इंडिया समावेशी और कृषि-आधारित सामुदायिक विकास के माध्यम से सतत विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस पहल के जरिए हम दिव्यांगजनों को गतिशीलता प्रदान कर रहे हैं, जिससे उन्हें रोजगार के अवसरों तक पहुंच मिलती है- चाहे वह खेत से जुड़ा काम हो, ग्रामीण उद्यम हो या अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी। यह पहल सिंजेंटा की सस्टेनेबिलिटी प्राथमिकताओं के अनुरूप है और मजबूत, आत्मनिर्भर कृषि समुदाय बनाने की दिशा में एक कदम है।


उन्होंने आगे कहा कि टिकाऊ कृषि सिर्फ उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा माहौल बनाना है जहां हर व्यक्ति अपनी भूमिका निभा सके। "मोबिलिटी सपोर्ट, स्किल डेवलपमेंट और बेहतर बाजार पहुंच के जरिए सिंजेंटा जमीनी स्तर पर दीर्घकालिक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे समुदाय मजबूत बनें और भारतीय कृषि का भविष्य बेहतर हो," उन्होंने जोड़ा।