एवीएस न्यूज. नई दिल्ली 
 भारत के घरेलू ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट ने अपनी फूड एंड न्यूट्रिशन कैटेगरी में सालाना आधार पर 50 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। कंपनी के अनुसार, इस तेज़ बढ़ोतरी में जेन जी ग्राहकों और धुलिया, इंफाल, धारवाड़, उज्जैन, हुबली, मीरगंज तथा लहरपुर जैसे टियर-2 और टियर-3 शहरों के उपभोक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

कंपनी ने बताया कि कुल मांग में फ्लिपकार्ट मिनट्स की करीब 25 प्रतिशत हिस्सेदारी रही, जिससे क्विक कॉमर्स इस ग्रोथ का प्रमुख आधार बनकर उभरा। सोशल मीडिया, रेसिपी वीडियो, क्रिएटर्स की सिफारिशों और वेलनेस ट्रेंड्स से प्रेरित युवा उपभोक्ता तेजी से हेल्दी और मॉडर्न न्यूट्रिशन प्रोडक्ट्स की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

जेन जी की पसंद बने हाई-प्रोटीन और गॉरमे उत्पाद

फ्लिपकार्ट के मुताबिक, कुल वार्षिक वृद्धि में 60 प्रतिशत योगदान जेन जी ग्राहकों का रहा। इस वर्ग में प्रोटीन ओट्स, हाई-प्रोटीन पीनट बटर, प्रोटीन म्यूसली, गॉरमे चॉकलेट और कोरियन फ्लेवर स्नैक्स जैसे उत्पादों की मांग सबसे अधिक रही। वहीं, पुरुष ग्राहकों में नट्स, ड्राई फ्रूट्स और स्प्रेड्स की खरीद बढ़ी, जबकि महिलाओं ने वैल्यू-एडेड चाय, कॉफी और खाद्य बीजों को प्राथमिकता दी।

छोटे शहरों में भी बढ़ा हेल्दी फूड का ट्रेंड

टियर-2 और टियर-3 शहरों में कोल्ड-प्रेस्ड ऑयल, ऑलिव ऑयल, प्रोटीन फूड्स, प्रीमियम ड्राई फ्रूट्स, शुद्ध घी और खजूर जैसे उत्पादों की मांग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। कंपनी के अनुसार, इन उत्पादों से जुड़ी ऑनलाइन सर्च पिछले एक वर्ष में 80 प्रतिशत तक बढ़ी, जो छोटे शहरों में स्वास्थ्य-केंद्रित जीवनशैली की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाती है।

फूड फेस्ट 3.0 में जुटे 50 से अधिक ब्रांड

इन बदलते उपभोक्ता रुझानों को ध्यान में रखते हुए फ्लिपकार्ट ने फूड फेस्ट 3.0 का आयोजन किया, जिसमें 50 से अधिक प्रमुख फूड एवं बेवरेज ब्रांड, 1000 से ज्यादा क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स तथा फराह खान, शेफ कुणाल कपूर, शेफ रणवीर ब्रार, सुनील ग्रोवर, गौरव कपूर, आदित्य कुलश्रेष्ठ और वंशिका खुराना जैसी हस्तियों ने भाग लिया।

दो दिवसीय आयोजन में 10 से अधिक नए उत्पाद लॉन्च किए गए तथा चोकोलैंड, ब्रेकफास्ट, गॉरमे, बेवरेज और किचन स्टेपल्स जैसे विशेष अनुभव जोन तैयार किए गए। इस दौरान हैप्पिलो, योगाबार, केलॉग्स, फेरेरो रोशर, डाबर, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, फॉर्च्यून और अन्य प्रमुख ब्रांडों ने अपने नए इनोवेशन पेश किए।

15 जुलाई तक चलेगी इन-ऐप सेल

फ्लिपकार्ट फूड फेस्ट का ऑन-ग्राउंड आयोजन 7 और 8 जुलाई को हुआ, जबकि 7 से 15 जुलाई तक ऐप पर विशेष सेल आयोजित की जा रही है। इस दौरान ग्राहक लिमिटेड-टाइम ऑफर्स, क्यूरेटेड कलेक्शन और नए ब्रांड लॉन्च का लाभ उठा सकते हैं।

फ्लिपकार्ट के वाइस प्रेसिडेंट (कंज्यूमेबल्स) निशांत दलाल ने कहा कि भारत में भोजन अब केवल दैनिक जरूरत नहीं, बल्कि वेलनेस, पहचान और नई खोज का माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि डिजिटल कॉमर्स के जरिए बेहतर और स्वास्थ्यवर्धक खाद्य विकल्प अब देश के हर हिस्से तक पहुंच रहे हैं।