एवीएस न्यूज.नई दिल्ली 
 Samsung TV Plus India ने अपने स्ट्रीमिंग टीवी प्लेटफॉर्म पर चैनलों की संख्या बढ़ाकर 200 कर दी है। इस विस्तार के तहत कंपनी ने NH Studios के साथ साझेदारी कर दो नए चैनल—आशीर्वाद टीवी और थलाइवर हिट्स—लॉन्च किए हैं। इन चैनलों के जरिए दर्शकों को लोकप्रिय पौराणिक कहानियों और भारतीय सिनेमा की चुनिंदा फिल्मों का मनोरंजन मिलेगा।

आशीर्वाद टीवी पर रामायण, श्री गणेशा और ॐ नमः शिवाय जैसे लोकप्रिय पौराणिक धारावाहिकों के साथ हिंदी मनोरंजन की चुनिंदा सामग्री उपलब्ध होगी। वहीं, तमिल फिल्म चैनल थलाइवर हिट्स पर सुपरस्टार रजनीकांत और कमल हासन की चर्चित फिल्मों का संग्रह पेश किया जाएगा। चैनल पर काई कोडुक्कुम और थम्बिक्कु एन्था ऊरु जैसी फिल्में भी शामिल हैं।

Samsung TV Plus के अनुसार, भारत में प्लेटफॉर्म की शुरुआत 50 से अधिक चैनलों के साथ हुई थी और अब यह संख्या बढ़कर 200 हो गई है। कंपनी का कहना है कि यह विस्तार दर्शकों को मनोरंजन की विभिन्न श्रेणियों में ज्यादा विकल्प उपलब्ध कराने की उसकी रणनीति का हिस्सा है।

Samsung TV Plus के इंडिया बिजनेस डेवलपमेंट प्रमुख कुणाल मेहता ने कहा कि नए चैनलों के जुड़ने से प्लेटफॉर्म पर ऐसी कहानियों और फिल्मों की पेशकश और मजबूत हुई है, जो कई पीढ़ियों से दर्शकों के बीच लोकप्रिय रही हैं।

NH Studios के हेड—फिल्म बिजनेस एंड इनोवेशन श्रेयांश हिरावत ने कहा कि भारतीय दर्शक तेजी से अपनी सांस्कृतिक और क्षेत्रीय पसंद के अनुरूप क्यूरेटेड कंटेंट अनुभव तलाश रहे हैं। उनके अनुसार, आशीर्वाद टीवी परिवारों के लिए पौराणिक और भक्तिमय कहानियां पेश करेगा, जबकि थलाइवर हिट्स रजनीकांत की लोकप्रिय विरासत और भारतीय सिनेमा की खास पहचान को सामने लाएगा।

कंपनी के मुताबिक, Samsung TV Plus दुनिया की प्रमुख सब्सक्रिप्शन-फ्री स्ट्रीमिंग सेवाओं में शामिल है और दुनियाभर में इसके 10 करोड़ से अधिक मासिक सक्रिय उपयोगकर्ता हैं। भारत में प्लेटफॉर्म पर मनोरंजन, फिल्म, समाचार, खेल और क्षेत्रीय सामग्री समेत कई श्रेणियों में चैनल उपलब्ध हैं।

Samsung TV Plus India को हाल ही में BCS रत्न अवॉर्ड्स में ‘CTV Platform of the Year’ का सम्मान भी मिला है। नए चैनलों के लॉन्च के साथ कंपनी का लक्ष्य भारत के तेजी से बढ़ते कनेक्टेड टीवी बाजार में अपनी कंटेंट पेशकश को और मजबूत करना है।