गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में 10 जुलाई से लगेगा मशीनों का महाकुंभ
चार दिवसीय इंजीनियरिंग एक्सपो में दिखेगी नई तकनीक और ऑटोमेशन की झलक
एवीएस न्यूज.भोपाल
राजधानी के गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एमएसएमई एग्जिबिशन सेंटर में चार दिवसीय इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग एक्सपो 2026 का आयोजन 10 जुलाई से किया जाएगा। गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (जीआईए) द्वारा आयोजित इस एक्सपो में देशभर की औद्योगिक कंपनियां हिस्सा लेंगी और आधुनिक मशीनों व नई तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा।
एक्सपो का उद्घाटन बीएचईएल भोपाल के ईडी प्रदीप उपाध्याय के करकमलों से होगा। वहीं, दूसरे दिन मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव अनुराग जैन कार्यक्रम में शामिल होंगे। एक्सपो का समापन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री की अध्यक्षता में किया जाएगा। यह जानकारी गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय गौर ने पत्रकारवार्ता में दी। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारी अंकुर गुप्ता, मदन लाल गुर्जर, ब्रजपाल सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
चार दिवसीय एक्सपो में अब तक 113 स्टॉल बुक
विजय गौर ने बताया कि फ्यूचर कम्युनिकेशन इवेंट एंड एग्जीबिशन के सहयोग से आयोजित इस चार दिवसीय एक्सपो में अब तक 113 स्टॉल बुक किए जा चुके हैं। प्रदर्शनी में रोबोटिक्स तकनीक और फुली ऑटोमैटिक आधुनिक मशीनों का लाइव डेमो मुख्य आकर्षण रहेगा। करीब 12 से 15 अत्याधुनिक मशीनों का प्रदर्शन किया जाएगा। एक्सपो का प्रमुख आकर्षण जापान से आने वाला औद्योगिक प्रतिनिधिमंडल होगा। जापानी विशेषज्ञ एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, स्मार्ट फैक्ट्री सॉल्यूशंस, रोबोटिक्स और प्रिसीजन इंजीनियरिंग जैसे विषयों पर अपने अनुभव साझा करेंगे। साथ ही भारतीय उद्योगों के साथ तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।

कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने की जरूरत: गौर
विजय गौर ने कहा कि बदलते औद्योगिक दौर में उद्यमियों को नई तकनीकों को अपनाने और अपनी कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि एक्सपो में मध्यप्रदेश के अलावा गुजरात, पंजाब और महाराष्ट्र की औद्योगिक इकाइयां भी भाग लेंगी। जापान से आने वाले विशेषज्ञ आधुनिक मशीनों और तकनीकों की जानकारी देंगे। वहीं फ्यूचर कम्युनिकेशन इवेंट एंड एग्जीबिशन प्राइवेट लिमिटेड के संचालक लक्ष्मण दुबे ने बताया कि इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग एक्सपो 2026 में मध्यभारत के प्रमुख औद्योगिक आयोजन शामिल होंगे। इसमें उद्योगपति, सरकार, एमएसएमई इकाइयां, तकनीकी विशेषज्ञ, स्टार्टअप, निवेशक और औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल होंगे।






