उमरिया जिले के स्टेट हाईवे पर चलती कार में आग : अचानक आग लगी और बनी गई आग का गोला
ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, वाहन जलकर खाक, आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
एवीएस न्यूज. भोपाल
उमरिया जिले के स्टेट हाईवे-10 पर आज सुबह एक चलती कार में अचानक आग लग गई। यह घटना मानपुर-बरही (एसएच-10) सडक़ मार्ग पर मझौली के समीप पुलिया के पास हुई। घटना में कार चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार कार चालक अमरपुर क्षेत्र के डिघिया गांव का निवासी है। वह अमरपुर की ओर वापस जा रहा था।
मझौली के पास पुलिया के करीब पहुंचते ही कार से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

सडक़ पर धू-धू कर जलती कार देखकर राहगीरों में दहशत फैल गई। कई बाइक सवार घबराकर वापस लौट गए। इस घटना के कारण हाईवे के दोनों ओर कुछ समय के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, और मामले की जांच जारी है।






